हाथियों का आतंक, गन्ने की फसल रौंदा

0
789
जानवर
Representative

हरिद्वार,  क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हाथियों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात हाथियों ने भोगपुर गांव के पास खेतों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने खेतों में खड़ी गन्ने और बाजरे की करीब 50 बीघा फसल रौंद डाली। लगातार जगंली जानवरों द्वारा फसल को पहुंचाये जाने वाले नुकसान से लोगों में खासा रोष है। किसानों ने वन अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक से जंगली जानवरों की रोकथाम करने और जानवरों द्वारा नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हाथियों से न केवल खेती का नुकसान हो रहा हैं, अपितु यहां के लोगों में इस बात को लेकर दहशत भी हैं। गांव में करीब 20-25 हाथियों का एक झुंड पास के खेतों में घुस आया। हाथियों ने किसानों के खेतों में खड़ी गन्ने को बाजरे की करीब 50 बीघा फसल को नष्ट कर दिया। भोगपुर गांव के किसानों का कहना है कि, “जंगली जानवरों ने जीना मुश्किल कर दिया है। हम लोग कड़ी मशक्कत कर फसलों को उगाते हैं और गंगा पार से चारे की तलाश में हाथी खेतों में घुस आते हैं और फसलों को नष्ट कर रहे हैं।”

किसान खेतों से जंगली जानवरों की रोकथाम करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से लगातार मांग करते आ रहे है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों ने वन अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक स्वामी यतीश्वरानंद से जंगली जानवरों की रोकथाम करने और जानवरों द्वारा उजाडी गई किसानों की फसल का मुआवजा दिलवाने देने की मांग की है।