फिलनाउ ऐप से घर पर डिलीवर होगा डीजल 

0
464
नोएडा,  आम जनता को अब डीजल भी घर पर डिलीवर किया जाएगा। भारत पेट्रोलियम ने सबसे पहले इसकी शुरुआत नोएडा से कर दी है। कुछ शर्तों के साथ यह सुविधा अभी सीमित स्थानों के लिए उपलब्ध है लेकिन धीरे-धीरे इसे आम जनता तक पहुंचाने की योजना भारत पेट्रोलियम की है।
भारत पेट्रोलियम के इंजिनियरिंग ऑफिसर जितेंद्र सिंह ने आज बताया कि इस सुविधा को बुधवार से चालू किया गया है। जो कि बड़ी मात्रा में डीजल खरीदने पर ही उपलब्ध है। इसके लिए उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर पर जाकर फिलनाउ (FillNow) एप्लिकेशन डाउनलोड करना होगा। उसके बाद अपना अकाउंट बना कर कम से कम 100 लीटर डीजल ऑर्डर करना होगा। इसके लिए कोई ज्यादा चार्ज नहीं किया जाएगा।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पहले मोबाइल पेट्रोल पंप की शुरुआत की है। यह पंप नोएडा के सेक्टर 95 में मौजूद है। उन्होंने कहा कि बड़ी मात्रा में डीजल को लाने ले जाने के दौरान सुरक्षा का खतरा सबसे ज्यादा होता है। इस सुविधा के बाद इससे इंडस्ट्री और संस्थान को असुरक्षित तरीके से डीजल ले जाने की जरूरत नहीं होगी और खतरा भी कम होगा। 
ऐसे करें एप्लिकेशन डाउनलोड 
जितेंद्र सिंह ने बताया कि उपभोक्ता को पहले प्ले स्टोर पर जाना होगा। उसके बाद वहां फिलनाउ नाम के ऐप को डाउनलोड कर के ईमेल आईडी के द्वारा अपना खाता खोलना होगा। उसके बाद अपना लोकेशन बताते हुए ऑर्डर कर सकते है। सिंह ने बताया कि उपभोक्ता इसके लिए पैसे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीके से दे सकते हैं। होम डिलीवरी के लिए कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा।