तीन दिनों की शांति के बाद फिर दिखा सीमा क्षेत्र में ड्रोन

0
499
Drone

श्रीगंगानगर, तीन दिनों की शांति के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में फिर ड्रोन देखा गया। सुबह ड्रोन देखते ही सेना के जवानों ने फायरिंग की। इसके बाद की जानकारी नहीं मिल पाई है।

शुक्रवार सुबह सीमावर्ती क्षेत्र हिंदूमलकोट, कोनी और खाट लबाना में ड्रोन देखा गया। इस पर भारतीय सेना के चौकस जवानों ने ड्रोन को मार गिराने के लिए फायरिंग की। सुबह 6 बजे से 6:15 बजे तक सीमा क्षेत्र में फायरिंग की आवाज सुनाई देती रही। फायरिंग के बाद ड्रोन नहीं देखा गया, संभवतः सीमा पार लौट गया।

घटना की जानकारी मिलने पर हिंदूमलकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सेना के अधिकारियों के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी है। पुलिस और सेना भी चुप है। होली पर्व के अगले दिन सुबह-सुबह सीमावर्ती क्षेत्रों में फायरिंग की आवाज से ग्रामीणों में दहशत जरूर फैल गई। खाट लबाना, कोनी और हिन्दुमलकोट गांव के लोगों ने इस बारे में संपर्क कर जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार फायरिंग की आवाज बहुत देर तक गूंजती रही। उसके बाद फायरिंग नहीं हुई।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक पखवाड़े से पाकिस्तानी सीमा की ओर से कई बार ड्रोन भारतीय सीमा में भेजा गया है। हर बार भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तानी क्षेत्र से आए ड्रोन पर फायरिंग की। कई ड्रोन मार भी गिराए हैं, लेकिन बार-बार ड्रोन भेजने पर फायरिंग होने के बावजूद पाकिस्तानी क्षेत्र की ओर से इन्हें भेजने का सिलसिला थम नहीं रहा है।