28 साल की हुई ‘दंगल गर्ल’ फातिमा सना शेख 

0
816
बॉलीवुड की ख़ूबसूरत अभिनेत्री फातिमा सना शेख आज अपना 28वां जन्मदिन मना रही हैं। 11 जनवरी, 1992  को जन्मीं फातिमा ने बतौर बाल कलाकार साल 1997 में आई फिल्म ‘चाची 420’ से अपने करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में फातिमा अभिनेता कमल हसन और तब्बू की बेटी की भूमिका में थी। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया।  इसके बाद फातिमा साल 2001 में जूही चावला, शाहरुख खान और जैकी श्रॉफ की फिल्म ‘वन 2 का 4’ में जैकी श्रॉफ की बेटी के किरदार में नजर आई। इसके बाद फातिमा फिल्म तहान,बिट्टू बॉस, आकाशवाणी आदि में नजर आई,लेकिन यह फिल्में फातिमा को कोई खास पहचान नहीं दिला पाई।
साल 2016 में फातिमा को नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘दंगल’ में आमिर खान के साथ अभिनय करने का मौका मिला। फातिमा इस फिल्म में वर्ष 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान गीता फोगट के किरदार में नजर आई थी। इस फिल्म में फातिमा के अभिनय को काफी पसंद किया गया और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं। इस फिल्म के बाद फातिमा ‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर हो गई। इसके बाद फातिमा आमिर खान और अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान’ में नजर आई। फिल्मों के अलावा फातिमा टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले मशहूर धारावाहिक ‘अगले जन्म मोहे बिटिया कीजो’ और ‘लेडीज स्पेशल’ में भी आ चुकी हैं।
फातिमा अभिनय के अलावा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती है। वह जल्द ही दिलजीत दोसांझ और मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म ‘सूरज पे मंगल भारी’ में मुख्य भूमिका में और अभिषेक बच्चन,काजोल,राजकुमार राव और आदित्य रॉय कपूर के साथ फिल्म ‘लूडो’ में नजर आयेंगी।’लूडो’ इसी साल 24 अप्रैल को रिलीज होगी ।