जन आक्रोश रैली में गरजे कांग्रेस के कई दिग्गज नेता

0
836

गोपेश्वर। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर जनता के साथ छलावा करने का आरोप लगाया। उन्होंने जनता से आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनावों में भाजपा को सबक सीखाने का आह्वान किया।
विधानसभा चुनाव की हार के बाद कांग्रेस के तीन दिग्गज एक मंच पर दिखे। नेताओं ने इस जनाक्रोश रैली में कहा कि भाजपा ने जनता की भवनाओं के साथ जो खिलवाड़ किया। इससे जनता में आक्रोश व्याप्त है और जनता इसकी सजा जरूर देगी।

रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, विधायक करन महारा, बद्रीनाथ के पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी, केदारनाथ के विधायक मनोज रावत, पूर्व मंत्री प्रसाद नैथाणी, प्रताप नगर के विधायक विक्रम सिंह, थराली के पूर्व विधायक प्रो. जीत राम, कर्णप्रयाग के पूर्व विधायक अनसूया प्रसाद मैखुरी समेत कई नेताओं ने एक मंच पर आकर भाजपा सरकार की गलतियां और केंद्र तथा प्रदेश भाजपा सरकार पर एक साथ प्रहार किया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने जन भावनाओं के साथ मजाक किया है। झूठे वायदे कर जनता के साथ छल किया है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि गैरसैंण राजधानी बनाने के लिए जो रास्ता हमारी सरकार ने बनाया भाजपा सरकार उस रास्ते से ही भटक गई।

मंत्री प्रसाद नैथाणी ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने में माहिर है और जनता के साथ धोखा इसकी फितरत में है। केदारनाथ के विधायक मनोज रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार में गरीबों, बेरोजगारों, महिलाओं की सुनी जाती थी। बीमारों को सहारा मिलता था पर वर्तमान सरकार बीमारों के साथ भी मजाक कर रही है।
करन महारा ने कहा कि विकास के जितने कार्य हरीश रावत सरकार में हुए थे। सब को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। पूर्व विधायक प्रो. जीत राम ने कहा कि अब स्थानीय निकाय चुनाव लेकर थराली विधान सभा और उसके बाद लोक सभा चुनाव में भाजपा की हार की शुरुआत चमोली से होगी। पूर्व विधायक अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि कांग्रेस ने विकास के मार्ग प्रशस्त किये मगर भाजपा ने उन्हें तोड़ने का कार्य किया है। रैली के संयोजक व पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने कहा कि जिस तरह से जन आक्रोश रैली में जनता जुट रही है वह यह संकेत देती है कि भाजपा सरकार का अंत चमोली से ही शुरू होगा।