राहुल गांधी की रैली की तैयारी बैठक में फिर सुनाई दिए बगावत के सुर

0
559
राहुल गांधी
FILE

देहरादून में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली की तैयारियों के लिए बैठक में नेताओं के बगावती सुर अधिक चर्चा में रहे। संजीव आर्य का नैनीताल सीट से कांग्रेस का टिकट पक्का होने की चर्चाओं के बीच महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक सरिता आर्य, हेम आर्य के बगावती सुर मुखर रहे।

सरिता आर्य ने दोहराया कि वह महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं और प्रियंका गांधी द्वारा यूपी में की गई घोषणा के अनुरूप उत्तराखंड में भी महिलाओं को 40 फीसद टिकट दिए जाने की मांग कर रही हैं। लेकिन स्थिति यह है कि संजीव आर्य के भाजपा छोड़ कांग्रेस में आ जाने के बाद प्रदेश भर की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे प्रश्न कर रही हैं कि जब प्रदेश अध्यक्ष का टिकट ही तय नहीं है तो वह अन्य महिला कार्यकर्ताओं काे क्या टिकट दिला पाएंगी।

हेम आर्य ने दावा किया कि संजीव आर्य चूंकि निवर्तमान विधायक हैं, इसलिए जनता में उनके खिलाफ माहौल है। जबकि वह स्वयं नैनीताल सीट से जिताऊ उम्मीदवार हैं। इसलिए उन्हें ही टिकट मिलना चाहिए। उन्होंने पार्टी छोड़ने की धमकी के अंदाज में कहा कि उन्हें भाजपा, आम आदमी पार्टी, उक्रांद व बसपा आदि से टिकट के लिए फोन आ रहे हैं।

ऐसे सुरों के बीच कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने दोनों नेताओं को पार्टी फोरम से इतर मीडिया व अन्य फोरम पर अपनी बात न रखने की नसीहत दी। कहा कि अभी टिकट द्वितीयक विषय है। प्राथमिकता में राहुल गांधी की रैली है। टिकट पर पार्टी हाईकमान का निर्णय सर्वोपरि होगा।