दहेज मामले में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी मुक्ता गिरफ्तार

0
572

काशीपुर। पुलिस ने कांग्रेस मेयर प्रत्याशी रही मुक्ता सिंह और उनके पति को दहेज उत्पीड़न के मामले में गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुक्ता सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने कोतवाली के बाहर धरना दिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया।
मुक्ता सिंह की बहू प्रियंका ने 28 सितंबर को पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। गुरुवार को कोतवाल चंचल शर्मा मय फोर्स के साथ कुंडेश्वरी स्थित मुक्ता सिंह के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने यहां से मुक्ता सिंह के पति रवि सिंह को हिरासत में ले लिया। यहां मुक्ता नहीं मिली। पुलिस रवि को लेकर कोतवाली आ रही थी। इसी बीच एआरटीओ कार्यालय के पास मुक्ता सिंह कुंडेश्वरी की तरफ आती दिखाई दीं। पुलिस ने मुक्ता सिंह को रोककर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई।
मुक्ता सिंह की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी कोतवाली पहुंच गए। इन लोगों ने भाजपा सरकार के दबाव में कार्रवाई का आरोप लगाया। कांग्रेसियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीओ सिटी काशापुर राजेश भट्ट का कहना है कि कोर्ट में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा चल रहा है। इससे पहले जांच में आईओ ने मुक्ता और उनके परिजनों के नाम हटा दिए थे। दोबारा नए सिरे से की गई जांच में मुक्ता और अन्य के खिलाफ काफी सबूत मिले हैं। इसी आधार पर गिरफ्तारी की गई है।