उत्तराखंड की चोटियों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में

0
695
देहरादून, राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में गुरुवार सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया। केदारनाथ व बदरीनाथ सहित उंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में है। लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में भारी बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की है, इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई। जिले के सभी ऊंचाई वाले स्थानों पर भी बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा जिससे जनपद में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। केदारनाथ में न्यूनतम तापमान लगभग माइनस 12 डिग्री पहुंच गया है। दूसरी ओर चोपता, दुगलबिट्टा, तुंगनाथ, मदमहेश्वर में भी बर्फबारी हुई। यहां भी ठंड बढ़ गया है। चमोली जिले में बदरीनाथ सहित विश्व प्रसिद्ध पर्यटनस्थल और हिमक्रीड़ा केंद्र औली में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। बर्फबारी के चलते औली में दो फिट बर्फ जम चुकी है। इससे औली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। यहां पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर मजा लिया। उत्तरकाशी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान में और गिरावट आई। सुबह से गंगोत्री-यमुनोत्री सहित हर्षिल, खरसाली, दयारा बुग्याल में बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाली चोटियां भी बर्फ की चादर से ढक गई हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राज्य में 2200 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बताया कि देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत व अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी व वर्षा हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत तथा उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर सीत दिवस की स्थिति बन सकती है।
स्कूलों में अवकाश घोषित
मौसम विभाग द्वारा जारी पुर्वानुमान के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिले में एक से कक्षा 12 तक संचालित समस्त शासकीय एवं गैर शासकीय शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केन्द्रो में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों ने उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों सहित मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को जनपद में आदेशों का अनुपालन करवाने के निर्देश दिये।