उत्तराखंड में थमा प्रचार का शोर

0
245
उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए राज्य में आज शाम प्रचार का शोर थम गया है। प्रदेश के सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान 14 फरवरी को होंगे। चुनाव आयोग ने मतदान से संबंधित सभी तैयारियां कर ली हैं। कई दूर-दराज के क्षेत्रों में मतदान कराने के लिए शनिवार को मतदान कर्मी रवाना भी हो गए हैं।

कुल 70 विधानसभा सीटों पर इस बार 632 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 152 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। शेष राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं पंजीकृत पार्टियों के मतदाता हैं। आयोग के दिये आंकड़ों के अनुसार इस बार के चुनाव में 106 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सोमवार को होने वाले मतदान में इस बार कुल 81 लाख 72 हजार 173 मतदाता14 फरवरी को अपने मताधिकार कर प्रयोग करेंगे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 39,32,995 और पुरुष मतदाता 42,38,890 हैं। इनके अलावा अन्य मतदाताओं की संख्या 298 है।

आयोग ने बताया है कि पिछले बार की तुलना में इस बार बूथों और मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाएं हैं। इस बार कुल 8,624 मतदान केंद्रों में 11,697 बूथ बनाये गये हैं। आयोग ने बताया है कि इस बार 156 बूथ मॉडल बनाया जायेगा। मॉडल बूथों पर हर प्रकार की सुविधा की व्यवस्था रहेगी। सबसे ज्यादा मॉडल बूथ हरिद्वार में बनाये जायेंगे।

इस महिलाओं के लिए सखी और दिव्यांगों के लिए सखी और पीडब्ल्यूडी बूथ भी बनाएं जा रहे हैं।101 सखी बूथ महिलाओं के लिए तो 6 पीडब्ल्यूडी बूथ दिव्यांगजनों के लिए होगा। सखी बूथ पर अधिकारी से लेकर मतदान कर्मी तक महिलाएं ही होंगी। इसी प्रकार पीडब्लूडी बूथ पर भी सभी मतदान कर्मी दिव्यांग ही होंगे। आयोग के मुताबिक प्रदेश में कुल 35 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पहुंचने में 3 दिन का समय लगता है। ऐसे केंद्र के लिए कल ही मतदान कर्मी रवाना हो गए हैं। मतदान केंद्र पर पहुंचने में दो दिन का समय लगने वाला 1442 मतदान केंद्र हैं। यहां के लिए आज मतदान कर्मी जिला मुख्यालय से आज निकल चुके हैं।

सुरक्षा का भी मुकम्मल इंतजाम कर लिया गया है। प्रचार थमते ही दूसरे राज्यों से जुड़ी सीमाएं सील कर दी गईं हैं। सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी के साथ शराब, बीयर आदि की लाइसेंसी दुकानें 48 घंटों के लिए बंद करवा दी गईं। अब यह दुकानें 14 फरवरी को मतदान होने के बाद ही खुलेंगी।