फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को बॉलीवुड हस्तियों ने दी जन्मदिन की बधाई 

0
691
मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा आज अपना 53 वां जन्मदिन मना रहें है। फैशन की दुनिया में जब भी फैशन डिजाइनिंग की बात होती है, तो जहन में सबसे पहले मनीष मल्होत्रा का नाम आता है। 5 दिसंबर 1966 को जन्में मनीष मल्होत्रा न केवल परिधानों की डिजाइन करने में माहिर हैं, बल्कि व्यक्तियों को एक नया लुक देने में भी माहिर हैं। आज उनके जन्मदिन पर कई बॉलीवुड हस्तियों ने उन्हें  सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई दी हैं। निर्माता-निर्देशक एकता कपूर ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी हैं,जिसमें  एकता कपूर,करण जौहर और मनीष मल्होत्रा हैं।
अभिनेता रितेश देशमुख ने भी मनीष को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा-‘जन्मदिन की बधाई प्यारे मनीष मल्होत्रा !आपकी ख़ुशी और प्रेम की कामना करता हूं!’
जाने-माने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने हाल ही में इंडस्ट्री में 29 साल पूरे कर लिए हैं। 53 वर्षीय डिजाइनर ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। साल 1990 में फिल्म ‘स्वर्ग’ के लिए जूही चावला के कॉस्ट्यूम को डिजाइन करते हुए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म ‘रंगीला’ में उर्मिला मार्तोंडकर के डिजाइनर कपड़ों के लिए मनीष को फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका हैं। साल 2005 में उन्होंने अपने लेबल को लॉन्च किया। 53 साल के मनीष ने अभी तक शादी नहीं की है। बॉलीवुड का ऐसा कोई सेलेब्रिटी नहीं है जिसने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन क‌िए हुए कपड़े न पहने हों। मल्होत्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम कर चुके हैं। 1990 के दशक में उन्होंने माइकल जैक्सन के भारत में यात्रा के दौरान उनके लिए एक पारंपरिक पोशाक को डिजाइन किया था। मनीष मल्होत्रा को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवार्ड मिल चुका है।