भाजपा की चंद्रा पंत को 25646 कांग्रेस की अंजू लुंठी 22298 वोट मिले

0
655
पिथौरागढ़,  उत्तराखंड के पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने विजय हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार चंद्रा पंत ने अपने निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी अंजू लुंठी को 3348 वोटों से पराजित किया। गुरुवार को विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। मतगणना के 9वें राउंड तक भाजपा की चंद्रा पंत कांग्रेस की अंजू लुंठी से 2677 मतों से आगे चल रही थी। बढ़त का यह अंतर 11वें राउंड तक बना रहा। इस उपचुनाव में भाजपा की चंद्रा पंत को 25646 कांग्रेस की अंजू लुंठी 22298 वोट मिले हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की निगरानी में सबसे पहले डाक मत पत्रों की गणना की गई। प्राप्त हुए 556 डाक मत पत्रों में भाजपा 41 मतों से आगे रही। इसके बाद 14 टेबलों में ईवीएम मशीनों के मतों की गणना की गई। 14टेबलों में हुई मतगणना में पहले ही चरण से भाजपा की चंद्रा पंत कांग्रेस की अंजू लुंठी पर भारी पड़ती नजर आईं।  मतगणना स्थल पर बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई।
प्रदेश के वित्‍तमंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनावों के लिए 25 नवम्बर को मतदान हुआ था। उपचुनाव में भाजपा की ओर से स्व. पंत की पत्नी चंद्रा पंत, कांग्रेस से अंजू लुंठी और समाजवादी पार्टी से मनोज भट्ट चुनाव मैदान में थे। जीत के बाद चंद्रा पंत ने कहा कि मेरी प्राथामिकताएं वही रहेंगी जिन्हें स्व. प्रकाश पंत अधूरा छोड़ गए हैं। उनके विकास के सपनों को पूरा करुंगी। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करुंगी। हमेशा क्षेत्र का विकास आगे बढ़ाने का प्रयत्न करूंगी।
मुख्यमंत्री ने चंद्रा पंत को दी बधाई
पिथौरागढ़ उपचुनाव में जीत दर्ज करने पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भाजपा उम्मीदवार चंद्रा पंत को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि इस जीत के लिए भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के परिश्रम को नमन करता हूं। यह विजय स्व. प्रकाश पंत के सपनों और पिथौरागढ़ के विकास को समर्पित है।