भाजपा कार्यकार्ताओं ने मनाया जीत का जश्न

0
368
BJp celebration in gopeshwar
गोपेश्वर, लोक सभा चुनाव के परिणाम आते ही भाजपा के पक्ष में बढ़ते रुझान के बाद से ही चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ने लगी। जैसे-जैसे मतगणना के नतीजे भाजपा के पक्ष में आने लगे वैसे ही भाजपाइयों ने शहर में रैली निकालकर एक दूसरे पर गुलाल लगाकर बधाई देना शुरू किया। मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी जबकि कांग्रेसियों में मायूसी छायी रही। शहर भर में दो चार कांग्रेस जन ही दिखायी दिए।
चमोली जिले की तीनों विधान सभा सीटों से भाजपा के लोक सभा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत कांग्रेस प्रत्याशी से आगे रहे। जीत के बढ़ते अंतर के बाद भाजपाइयों ने गोपेश्वर नगर में बाजे गाजे के साथ रैली निकाल कर खूब गुलाल उड़ाया। एक दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी भी की गई तथा मिठाई भी बांटी गई।
भाजपा के कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने इसे जनता की जीत बताते हुए कहा कि चमोली की जनता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की सरकार के अच्छे कार्यों को देखते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार प्रकट किया।
भाजपा के जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने कहा कि मोदी लहर के चलते ही चमोली जिले में उन्हें अपार सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनादेश का सम्मान करती है। इसके साथ ही पार्टी संगठन जहां मूल मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में था। वहीं भाजपा की ओर छद्म राष्ट्रवाद और देशभक्ति की बात कर जनता की भावनाओं के बूते जीत हांसिल की है।