उत्तराखंड में मिथक तोड़कर भाजपा बनाएगी सरकार : प्रह्लाद जोशी

    0
    426

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय खान व कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राज्य में भाजपा मिथक तोड़कर पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरे मनोयोग से 2022 के चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया।

    गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह बातें कही। उनके साथ चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह, सांसद लॉकेट चटर्जी ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक भाजपा मुख्यालय में ली।

    केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राज्य में भाजपा-कांग्रेस की बारी-बारी से सरकार बनने की अभी परंपरा चली आ रही है लेकिन इस बार के चुनाव में मिथक टूटेगा और पिछली बार से अधिक बहुमत की सरकार बनेगी। इस कार्य के लिए सभी को अपने बूथ को मजबूत करने पर जोर देना है।

    प्रह्लाद जोशी ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र की मोदी सरकार ने सात सालों में बिना किसी आरोप के विकास को दिया है। कोरोना जैसे महामारी में सरकार डटकर खड़ी रही है। मजबूत इरादों का परिणाम है कि टीकाकरण से लेकर उपचार की दिशा में सफलता मिली है।

    चुनाव प्रभारी जोशी ने सभी जिला प्रभारियों को अपने जिले के मंडलों, शक्तिकेन्द्रों और बूथों में निरंतर प्रवास करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद रखकर केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ले जाने के निर्देश दिए।

    प्रदेश चुनाव सह प्रभारी आरपी सिंह ने पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद को मजबूत बनाने और कार्यक्रमों के सुचारू क्रियान्वयन पर जोर दिया।

    प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने चुनाव प्रभारी और चुनाव सह प्रभारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आपके मार्गदर्शन में पार्टी पुनः प्रदेश में भारी बहुमत की सरकार बनाएगी।