उत्तराखंड विस चुनाव-2022 : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हारे, भाजपा की बड़ी जीत

0
365

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे धीरे-धीरे सामने आने लगे हैं। भाजपा लगातार जीत के आंकड़े को आगे बढ़ रही है। ऐतिहासिक सीट गंगोत्री को भाजपा ने जीत लिया है। इस सीट को लेकर मिथक रहा है कि जो इस सीट पर जीत दर्ज करते हैं, उसी पार्टी की प्रदेश में सरकार बनती है।

गंगोत्री सीट का यह मिथक इस बार भी सही साबित होता दिख रहा है। यहां से भाजपा के उम्मीदवार सुरेश चौहान ने जीत हासिल की है। सुरेश चौहान को 28 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस के विजयपाल सिंह सजवाण को करीब 21 हजार वोट मिले हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल कोठियाल को करीब छह हजार वोट ही मिले हैं।

इस तरह से गंगोत्री सीट पर भाजपा उम्मीदवार सुरेश चौहान सात हजार से अधिक सीटों से जीत मिली है। गंगोत्री में भाजपा की जीत के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। पार्टी रुझानों में बहुमत के लिए जरूरी सीट से अधिक सीटों भाजपा जीतती दिख रही है।

कुमाऊं के नैनीताल जिले में सबसे बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां के लालकुआं सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हार गए हैं। जबकि हरीश रावत अपने को कांग्रेस के मुख्यमंत्री दावेदार मान रहे थे। हरीश रावत करीब 15 हजार वोटों से हारे हैं। यह उनकी बड़ी हार है। वे पिछला चुनाव भी दो सीट पर लड़े थे और दोनों पर उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था।

अल्मोड़ा जिले के सल्ट से भाजपा के महेश जीना ने जीत दर्ज कर लिया है। इन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता रणजीत रावत को हराया है। महेश जीना को 22 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं जबकि रणजीत रावत को 17 हजार से कुछ ज्यादा वोट प्राप्त हुआ है। महेश जीना ने जीत के बाद कहा कि उन्हें मात्र 6 महीने का समय मिला। जिसमें उन्होंने लगातार अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को किया। उनके बड़े भाई सुरेंद्र जीना के मार्ग दर्शन में काम किया। इसका भी लाभ मुझे मिला। मैं सल्ट को आदर्श विधानसभा बनाऊंगा।

कपकोट से भी भाजपा ने भगवा लहराया है। यह भाजपा उम्मीदवार सुरेश गढ़िया को 30 हजार से अधिक से वोट मिला। वहीं कांग्रेस के ललित फर्स्वाण को करीब 25 हजार वोट मिला है। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के भूपेश उपाध्याय को करीब 3 हजार वोट मिला है।

भाजपा जैसे-जैसे जीत की ओर बढ़ रही है, उनके कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से भाजपा कार्यकर्ता के जश्न मानाने की खबरें और तस्वीरें आने लगी हैं। देहरादून के भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनवीर चौहान ने बताया कि पार्टी पहले से अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थी। प्रदेश की जनता ने डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगा दी है। अब ओर तेज गति से विकास होगा।