उत्तराखंड: मिशन 2022 में जुटी भाजपा, सोशल मीडिया और पदाधिकारियों को निर्देश

0
605
भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने मिशन 2022 के लक्ष्य फतह के लिए जी-​जान से जुटने और विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जबाब देने को कहा है।
गुरुवार देर रात बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में राज्य प्रभारी दुष्यंत गौतम ने पार्टी पदाधिकारी और मंत्रियों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनावी साल 2022 में जीत सुनिश्चत करने के लिए पार्टी पदाधिकारी और मीडिया टीम को जुटने को कहा। उन्होंने प्रदेश सरकार के चार साल के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने को कहा।
राज्य प्रभारी ने कहा कि संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को अभी से जीत के जोश के साथ मैदान में उतरना होगा। हमें संकल्प के साथ चुनावी लक्ष्य की तैयारी में लगना होगा। सरकार के विकास कार्यों को सोशल मीडिया पर दमदार तरीके से रखना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सल्ट उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल करने के लिए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यह मुहिम 2022 में भी दोहराना है। सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल के साथ इस काम को पूरा किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार का दे मुंहतोड़ जवाब
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार को सही जवाब के लिए सोशल मीडिया की टीम अध्ययन और तथ्यों के आधार पर मुंहतोड़ जवाब  देने के लिए चौकन्ना रहे।
बैठक में कबिना मंत्री बंशीधर भगत, यशपाल आर्य, डॉ. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडे, गणेश जोशी, राज्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत, रेखा आर्य, स्वामी यतिस्वरानंद प्रदेश महामंत्री व सल्ट चुनाव प्रभारी सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मानवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता खजान दास, विनय ग़ोयल, विनोद सुयाल, विपिन कैंथोला सुनील सैनी, कमलेश उनियाल,  उमेश शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा उपस्थित रहे।