थराली से भाजपा उम्मीदवार होंगी मुन्नी देवी

0
1811

(देहरादून)। भाजपा ने थराली सीट पर उप चुनाव में मुन्नी देवी को मैदान में उतारा हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा की थराली विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार मुन्नी देवी की विजय तय है। मुन्नी देवी १० मई को नामांकन करेंगी। मुन्नी देवी जिला पंचायत अध्यक्ष और दिवंगत विधायक मगनलाल की पत्नी हैं।
भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति द्वारा थराली विधान सभा उपचुनाव के लिए मुन्नी देवी को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि इस उपचुनाव में मुन्नी देवी की भारी मतों से विजय तय है। भाजपा इस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता का भारी समर्थन भाजपा उम्मीदवार के साथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व कुछ अन्य लोग भ्रम फैलाने का जो प्रयास कर रहे हैं वह किसी भी रूप में सफल नहीं होगा। इस मध्य पार्टी द्वारा मुन्नी देवी के नामांकन की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश मीडिया प्रभारी डा देवेंद्र भसीन के अनुसार नामांकन अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम ज़ाजू मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, सांसद व पूर्व मुख्य मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सरकार में मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा विधायक, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

थराली उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी का ऐलान नामांकन से ठीक दो दिन पहले किया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश इकाई ने पैनल में मुन्नी देवी शाह, बलवीर घुनियाल और गुड्डू लाल के नाम भेजे थे। हालांकि गुड्डू लाल पहले ही बगावत कर चुके थे। उधर, पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने की वजह से प्रत्याशी ऐलान में देर हो रही थी।

वहीं कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार जीतराम की जीत को लेकर खासी आश्सवस्त है। कांग्रेस का कहना है कि एक साल से ज्यादा समय हो चुका है राज्य में बीजेपी सरकार को आये और प्रदेश में विकास ठप हो गया है। इसका नतीजा बीजेपी को इस उपचुनावों में भुगतना पड़ेगा।