एमटीवी शो ‘रोडीज 2’ से मशहूर हुए आयुष्मान आज मना रहे हैं अपना जन्मदिन

0
492
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना आजकल फिल्मों में अपने शानदार अभिनय को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। ग्लैमर की दुनिया में महज 17 साल की उम्र में कदम रखने वाले आयुष्मान आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। आयुष्मान का जन्म 14 सितम्बर 1984 को चंडीगढ़ में हुआ था। अपनी प्रारंभिक पढ़ाई चंडीगढ़ से पूरी करने के बाद आयुष्मान ने स्कूल ऑफ़ कम्युनिकेशन स्टडीज, पंजाब यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। आयुष्मान को बचपन से ही अभिनय का शौक था। जब वह पांच साल के थे तब वह अपने माता-पिता के साथ माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘तेजाब’ देखने गए, जिसके बाद उन्होंने अभिनेता बनने का निश्चय किया।
महज 17 साल की उम्र आयुष्मान में ‘वी चैनल’ पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो ‘पॉपस्टार्स’ का हिस्सा बने। आयुष्मान 2004 में एमटीवी के मशहूर शो ‘रोडीज 2’ का हिस्सा थे और बाद में शो के विजेता भी रहे। इसके बाद आयुष्मान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने करियर की शुरुआत में आयुष्मान ने रेडियो जॉकी के तौर पर बिग एफएम में नौकरी की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई शोज होस्ट किए। आयुष्मान ने 2008 में अपने बचपन की दोस्त ताहिरा कश्यप से शादी कर ली। आयुष्मान ने टीवी पर प्रसारित होने वाले कई रियलिटी शोज को होस्ट करने के बाद बॉलीवुड की तरफ रुख किया।
आयुष्मान की बॉलीवुड में पहली फिल्म ‘विकी डोनर’ थी। इस फिल्म को शूजित सिरकार ने निर्देशित किया था। इस फिल्म को काफी प्रशंसा मिली थी। इस फिल्म में आयुष्मान ने एक गाना ‘पानी दा रंग..’ गाया। इस गाने के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक और फिल्म में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रथम अभिनय का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इस फिल्म के बाद से आयुष्मान लगातार बॉलीवुड में सक्रिय हैं। हालांकि इस फिल्म के बाद आयुष्मान की लगातार तीन फिल्में फ्लॉप रही लेकिन 2015 आई फिल्म ‘दम लगाके हइसा’ रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया। इस फिल्म के बाद आयुष्मान ने बॉलीवुड में अपनी मजबूत पहचान बना ली। उनकी मुख्य फिल्मों में ‘बरेली की बर्फी’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘अंधाधुन’, ‘बधाई हो’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘ड्रीम गर्ल’ है। फिल्म ड्रीमगर्ल अभी हाल ही में रिलीज हुई है। इस फिल्म को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।