अनुराग शुरु करेंगे नया प्रोडक्शन हाउस

0
426

मुंबई, हमेशा सुर्खियों में रहने वाले फिल्मकार अनुराग कश्यप एक नई फिल्म कंपनी की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसका उल्लेख उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में किया है।पोस्ट के मुताबिक, नए लोगों के साथ एक नई फिल्म और नई कंपनी की शुरुआत होने जा रही है।

अनुराग कश्यप की पिछली प्रोडक्शन कंपनी फैंटम थी, जिसमें उनके साथ विकास बहल, विक्रमादित्य मोटवानी और मधु मंटेना साझेदार थे। पिछले साल जब विकास बहल पर यौन शोषण के आरोप लगे, तो मामला इतना बिगड़ गया कि कंपनी के पार्टनर आपस में ही भिड़ गए। विकास बहल के साथ मधु मंटेना रहे, तो विक्रमादित्य और अनुराग ने विकास के विरोध में बयान दिए और देखते ही देखते ये फिल्म कंपनी बंद हो गई। जानकारी के अनुसार, इस कंपनी का रजिस्ट्रेशन विकास बहल के नाम है, तो इस लिहाज से फैंटम के मालिक वही होंगे।

विकास बहल के निर्देशन में बनी ऋतिक रोशन की फिल्म सुपर 30 अगले महीने जुलाई में रिलीज होने जा रही है और इस फिल्म में प्रोडक्शन कंपनी के तौर पर फैंटम का ही नाम दिया गया है। 2013 में शुरु हुई कंपनी फैंटम की पहली फिल्म लुटेरे थी, जिसमें रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा की प्रमुख भूमिकाएं थीं और इसका निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी ने किया था। लुटेरे के बाद फैंटम की दूसरी फिल्म हंसी तो फंसी थी, जिसे करण जौहर की कंपनी के साथ पार्टनरशिप में बनाया गया था और इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी थी। इसके बाद इस कंपनी में कंगना और राजकुमार राव की जोड़ी को लेकर विकास बहल की फिल्म क्वीन का निर्माण हुआ था।

अनुष्का शर्मा की एनएच 10 और हर्षवर्धन कुलकर्णी की हंटर में फैंटम की पार्टनरशिप रही। इस कंपनी में अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी पहली फिल्म अगली थी, तो इसके बाद अनुराग ने रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा को लेकर बांबे वैलवेट बनाई, जिसे हिंदी की सबसे बुरी और असफल फिल्मों में से एक माना जाता है। इसके बाद ऋचा चड्ढा और विकी कौशल की फिल्म मसान के साथ फैंटम की पार्टनरशिप रही, तो शाहिद कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म शानदार का निर्देशन विकास बहल ने किया। शानदार भी बाक्स आफिस पर सुपर फ्लाप रही थी।

शाहिद कपूर और आलिया की जोडी की विवादों में रही फिल्म उड़ता पंजाब में इस कंपनी के साथ एकता कपूर की कंपनी की बालाजी की पार्टनरशिप थी। इस कंपनी की रमन राघव 2.0 में नवाजुद्दीन और विकी कौशल थे और निर्देशन अनुराग कश्यप का था। इसी कंपनी में राजकुमार राव के साथ विक्रमादित्य मोटवानी ने ट्रैप्ड का निर्माण किया, तो मिखिल मुसाले की फिल्म रांग साइड राजू के साथ फैटम की पार्टनरशिप रही। अनुराग कश्यप ने फैंटम के लिए मुक्काबाज बनाई, जिसमें विनीत कुमार सिंह को लांच किया गया था।

विक्रमादित्य मोटवानी ने पिछले साल इसी कंपनी के लिए अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर को लेकर भावेश जोशी सुपर हीरो बनाई थी। इस कंपनी के लिए बनी अनुराग कश्यप की पिछली फिल्म मनमर्जियां थी, जिसमें विकी कौशल, तापसी पन्नू और अभिषेक बच्चन थे। इस कंपनी की नई फिल्म सुपर 30 है, जो 12 जुलाई को रिलीज होने जा रही है।