यूकेएसएससी पेपर लीक प्रकरण में 33वां आरोपित पीआरडी कर्मी गिरफ्तार

0
262

अधीनस्थ चयन सेवा आयोग (यूकेएसएससी) प्रश्न पत्र लीक प्रकरण सुरसा के मुंह की तरह बढ़ता ही चला जा रहा है। इस प्रकरण में शनिवार को 33वीं गिरफ्तारी हुई। विपक्ष के हमले और विधानसभा में हुई भर्तियों को लेकर बढ़ते बवाल के चलते जहां प्रदेश सरकार पर दबाव बढ़ गया है वहीं मुख्यमंत्री भी पेपर लीक प्रकरण के आरोपितों और विधानसभा में भर्तियों की जांच कराने की बात को साफ कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कठोर रुख के कारण इस मामले से जुड़े सभी लोगों पर एसटीएफ और दूसरी एजेंसियांं लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इस मामले में आए दिन किसी न किसी को दबोचा जा रहा है। इस प्रकरण में एसटीएफ ने आज 33वीं गिरफ्तारी की। यह गिरफ्तारी पीआरडी कर्मचारी संजय सिंह राणा निवासी भीमताल चमोली के रूप में की गई है। आरोपित संजय सिंह राणा ने पूर्व पीआरडी कर्मचारी मनोज जोशी के साथ मिलकर अपने घर पर लखनऊ से लीक प्रश्न पत्र की फ़ोटो कॉपी करवाई और अपनी पत्नी को प्रश्न पत्र देकर परीक्षा में उत्तीर्ण करवाकर उन्हें चयनित करवाया था। गवाहों के बयान एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संजय राणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से फोटो कॉपी मशीन और सीपीयू बरामद हुआ है। आरोपित वर्ष 2014 से 2022 अप्रैल तक यूकेसीएसएससी में पीआरडी कर्मचारी के रूप में नियुक्त था।

इससे पूर्व दो दिन पहले इस प्रकरण में विनोद जोशी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित विनोद जोशी उत्तराखंड पुलिस का कर्मचारी और वर्तमान में उधमसिंह नगर में तैनात था। आरोपित का भाई मनोज जोशी जो कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात था, उसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह न्यायिक अभिरक्षा में है। वह उधमसिंह नगर के सितारगंज का निवासी है।