मणिरत्नम की अगली फिल्म में नजर आएंगे अमिताभ- ऐश्वर्या 

0
694

मुंबई,  मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या रॉय बच्चन एक बार फिर अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के लिए बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी कर रही हैं। इस बार वो प्रसिद्ध डायरेक्टर मणिरत्नम की फिल्म में नजर आने वाली हैं। जिनके साथ ‘गुरू’ और ‘रावण’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। लेकिन सबसे बड़ी बात तो ये है कि वो अपने ससुर अमिताभ बच्चन के साथ करीब 11 साल बाद बिग स्क्रीन पर नजर आने वाली हैं।

अमिताभ और ऐश्वर्या फिर एक साथ काम करते दिखेंगे। मणिरत्नम की यह फिल्म कल्कि कृष्णमूर्ति के उपन्यास (द सन ऑफ पोन्नी) पर आधारित है। इस उपन्यास में अरुल्मोझीवर्मन की कहानी लिखी गई है। जिसे लिखने में तकरीबन तीन साल लगे हैं। यह एक बड़े बजट का ऐतिहासिक ड्रामा है, जिसे बाहुबली फ्रेंचाइज़ी की तर्ज पर बनाया जा रहा है। खबरों की माने तो ऐश्वर्या ने मणिरत्नम को इस फिल्म के लिए हामी भर दी है। इसके साथ ही ऐसी खबर भी सामने आई है कि फिल्ममेकर्स अमिताभ बच्चन को भी इस फिल्म में लेना चाहते हैं। उन्होंने अमिताभ को फिल्म की स्क्रिप्ट सुना दी है, लेकिन बिग बी ने अब तक हां की है या नहीं इस बात की कोई पुख्ता खबर नहीं मिली है। अमिताभ ने इस फिल्म के लिए हां कर दी तो एक बार फिर ससुर और बहु यानी अमिताभ और ऐश्वर्या की जोड़ी साथ नजर आएगी और ये उनके फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

इस फिल्म में साउथ फिल्म इंडस्ट्री से कई बड़े नामों के शामिल होने की संभावना है। जहां मणिरत्नम ने लीड रोल के लिए ऐश्वर्या को अप्रोच किया है। तो वहीं ऐश्वर्या के अपोजिट लीड हीरो के रोल में वह साउथ सुपरस्टार विक्रम को साइन करने की फिराक में हैं। विक्रम के तरफ से भी इस फिल्म के लिए हरी झंडी मिलने की खबर है। इसके साथ ही डायरेक्टर 14 जनवरी पोंगल के मौके पर फिल्म की अनाउंसमेंट कर सकते हैं। बता दें कि अमिताभ और ऐश्वर्या आखिरी बार 2008 में फिल्म सरकार राज में एक साथ दिखे थे। इसके अलावा यश राज बैनर की फिल्म बंटी और बबली के पॉपुलर सॉन्ग कजरारे में भी साथ नजर आए। जिसमें ऐश्वर्या के पति अभिषेक बच्चन भी थे। इसमें इन तीनों की केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया था। अगर वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ हाल ही में ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में नजर आए थे। इसमें आमिर खान, फातिमा सना शेख और कटरीना कैफ अहम भूमिका में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल नहीं मचा पाई थी। इसके अलावा ‘ब्रह्मास्त्र’ में नजर आने वाले हैं। इसमें आलिया भट्ट और रणबीर कपूर अहम किरदार में हैं। वहीं ऐश्वर्या लंबे समय बाद अनुराग कश्यप की मूवी गुलाब जामुन में अभिषेक बच्चन के साथ दिखेंगी। फिल्म में वे शादीशुदा कपल की भूमिका में होंगे।