पब्लिक आई एप और मिशन गौरा शक्ति लांच

0
398
पब्लिक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पब्लिक आई एप और महिला सुरक्षा के लिए मिशन गौरा शक्ति एप का शुभारम्भ किया। इस मौके पर कहा कि यह एप महिला सुरक्षा के साथ-साथ अपराध पर रोकने में उपयोगी साबित होगा।

गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की ओर से तैयार की गई महिला और पब्लिक एप को जारी किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ की ओर से पर्यावरण संरक्षण, कोरोना जागरूकता, हानिकारक कूड़े के निस्तारण और जोखिम पूर्ण स्थानों के चिन्हीकरण के लिए चलाये जा रहे माउण्ट गंगोत्री-1पर्वतारोहण अभियान का फ्लैग ऑफ भी किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से ऐप तैयार की गई है। अब इस एप के जरिए महिलाएं तुंरत शिकायत कर सकेगी। राज्य में अपराध रोकने और आमजन की समस्याओं की चिंता सरकार की प्राथमिकता में है। यह ऐप निश्चित की पुलिस और जनता के अपराध रोकने में सहायक बनेगा।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि मिशन गौरा एप के तहत बटन दबाते ही लोकेशन की जानकारी आ जाएगी। समय रहते पुलिस सूचना पर चौकस होकर काम करेगी। इसके साथ ही पब्लिक आई एप कोई भी अपराध और सूचना की जानकारी पुलिस को आसानी से भेज सकते हैं। इसके साथ ही कार्यवाही के लिए आपात नंबर पर काल कर जानकारी दे सकते हैं।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी,अरविन्द सिंह ह्यांकी एवं पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पब्लिक आई एप

जनता अपनी शिकायतों के साथ-साथ आसपास घटित हो रहे आपराधिक या विधि का उल्लंघन करने वाले कृत्यों की फोटो या वीडियो बनाकर पुलिस को भेज सकते हैं। शिकायतकर्ता की ओर से पूर्व में की गई शिकायत और उस पर हुई कार्यवाही की प्रगति के बारे में जान सकते हैं। साइबर क्राइम के बारे में शिकायत दर्ज की जा सकती है। किसी भी प्रकार की यातायात समस्या या सड़क दुर्घटना के संबंध में फोटो या वीडियो बनाकर कार्यवाही के लिए अपलोड किया जा सकता है। आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।