मुख्यमंत्री लाठीचार्ज पर बोले, अस्थिरता पैदा करने की फिराक में कुछ लोग

0
439
राजनीति
FILE
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने चमोली जिले के गैरसैंण के दिवालीखाल में घाट पुलिस लाठीचार्ज पर मंगलवार को कहा कि सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। कुछ तत्व इस मामले में राजनीति कर  अस्थिरता पैदा करने की फिराक में है। भराड़ीसैंण में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने  कहा कि रात को लाठीचार्ज की सूचना मिलते ही घटना की मजिस्टीरियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा उसपर संज्ञान लिया जाएगा। निर्दोष पर कारवाई नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दिवालीखाल में घाट विकासखंड के लोगों द्वारा सड़क चौड़ीकरण पर कहा कि मोटर ट्रांसपोर्ट एक्ट के तहत सड़कों का चौड़ीकरण किया जाता है। यहां पर केवल 300 वाहन चलते हैं। तीन हजार वाहनों के चलने पर सड़कों के चौड़ीकरण का प्रावधान है। मैदानी क्षेत्रों में यातायात का दबाव ज्यादा और  पर्वतीय क्षेत्रों में कम रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी ब्लाक मुख्यालयों जिन पर यातायात कम है, उनको डेढ़ लेन से जोड़ने एवं अधिक ट्रैफिक वाले जनपदों को डबल लेन से जोड़ने की घोषणा पिछले माह अल्मोड़ा में की गई थी। चमोली  भ्रमण के दौरान भी यह बात कही गई थी।