देहरादून। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मैदानी इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। शीतलहर के साथ ही सुबह और शाम घना कोहरा छाने की आशंका भी मौसम विभाग ने जताई है। इससे यातायात भी प्रभावित होगा। उधर, दून का न्यूनतम तापमान मंगलवार को सामान्य से दो डिग्री कम 4.2 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों से शीतलहर चलने लगेगी। इससे मैदानों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। सुबह और शाम को घना कोहरा छाने से दिक्कतें बढ़ेंगी। पहाड़ी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा और अच्छी धूप खिलेगी। इस समय उत्तराखंड के हिल स्टेशन और मैदानी इलाकों का न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। मंगलवार को मुक्तेश्वर में न्यूनतम जहां 1.7 डिग्री, नई टिहरी में 2.6 डिग्री रहा, वहीं पंतनगर में 2.8 और देहरादून में 4.2 डिग्री रहेगा।




















































