नई दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से तापमान में आई अचानक गिरावट और बढ़ते कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखने लगा है। मंगलवार सुबह भी दक्षिण दिल्ली में घने कोहरे के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंर्तराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई एयरपोर्ट) पर हवाई यातायात बाधित हुआ। दिल्ली से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स देरी से उड़ी, वहीं दिल्ली लैंड करने वाली फ्लाइट्स को भी इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि धुंध के चलते विजिबिलीटी मानक स्तर से कम हो गई थी| इसके चलते फ्लाइट्स के टेकऑफ को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। ये तकनीकी वजह के चलते किया गया। वैसे दिल्ली में सामान्य कोहरे या धुंध में भी हवाई यातायात संचालन की तकनीकी उपलब्ध है, लेकिन सुबह कोहरा सामान्य स्तर से कहीं अधिक था, जिसके चलते उड़ानों के संचालन में देरी हुई।
बता दें कि पिछले एक हफ्ते से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में तेजी से गिरावट देखी गई है।दिल्ली के जाफराबाद इलाके में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक नापा गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले एक हफ्ते तक फिलहाल तो दिल्ली और आसपास के इलाकों में राहत मिलने की गुंजाइश नहीं है। उत्तरी ओर से आ रही शीत लहर के चलते दिल्ली एनसीआर में तापमान गिरा है। जिसके 1 जनवरी तक जारी रहने की आशंका है।


















































