चमोली जिले में 555 केंद्रों पर 291203 वोटर करेंगे मतदान

0
502

गोपेश्वर। चमोली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 555 मतदेय स्थल बनाये गए हैं। इसमें अब तक पंजीकृत कुल 291203 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बदरीनाथ विधानसभा के 206 मतदेय स्थल, थराली विधानसभा में 178 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा में 171 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। जिले में सबसे दूरस्थ मतदेय स्थल डुमक है। इसकी पैदल दूरी 24 किमी तथा दूसरा दूरस्थ मतदेय स्थल कनोल है,इसकी दूरी 12 किमी है।
बदरीनाथ विधान सभा में 51609 पुरुष, 48292 महिला व अन्य एक मतदाता सहित कुल 99902 मतदाता है। थराली विधानसभा में 51310 पुरुष, 48606 महिला, एक अन्य मतदाता सहित कुल 99917 मतदाता जबकि कर्णप्रयाग विधानसभा में 45962 पुरुष, 45422 महिला मतदाता सहित कुल 91384 मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार चमोली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक 148881 पुरुष, 142320 महिला, दो अन्य मतदाता सहित कुल 291203 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा अभी फार्म-6 पर प्राप्त नये आवेदनों के पंजीकरण की कार्रवाई गतिमान है।