उत्तरकाशी में बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत

0
879
उत्तरकाशी,  बड़कोट स्थित एन.एच.123 दुबाटा के पास बोलेरो कार खाई में गिरने से चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वाहन दुघर्टना में दो गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है जबकि सामान्य दो घायलों को बड़कोट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शनिवार शाम पौने छह बजे की है। गंगनाणी से बड़कोट आठ सवारियों को लेकर आ रहा वाहन संख्या यूके 07 डीएच 7198 संख्या बड़कोट गांव के पीछे 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही बड़कोट पुलिस, एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चला कर मृतकों व घायलों को गहरी खाई से निकला। मृतकों की शिनाख्त नवीन चौहान, नवीन का दो वर्षीय पुत्र अर्पित, सीमा निवासी बनास और देवराज निवासी ग्राम डख्याटगांव के रूप में हुई है। घायल हुए लोगों में बनास का रहने वाला वाहन चालक प्रीतम सिंह भी है। अन्य घायलों में सीता देवी निवासी ग्राम निसणी, नवीन चौहान का तीन वर्षीय पुत्र ननैस भी है। इनके अलावा एक और महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसका नाम पता मालूम नहीं हो सका है।
यमुनोत्री क्षेत्र के विधायक केदार सिंह रावत ने वाहन दुघर्टना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ होने की कामना की है। उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता कर घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।