महिला दारोगा ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

0
786

(हरिद्वार) जनपद के बहादराबाद थाने में तैनात एक महिला दारोगा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को दो अलग-अलग सुसाइड नोट मिले हैं। खुदकुशी के पीछे प्रथम दृष्टया व्यक्तिगत कारण सामने आ रहे हैं। वहीं प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से देहरादून के सहसपुर निवासी आंचल फरासी वर्ष 2015 में बतौर उप निरीक्षक उत्तराखंड पुलिस में नियुक्त हुई थी। आत्महत्या से पहले उसने दो अलग-अलग सुसाइड नोट छोड़े हैं। प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है। बीते साल भर से जिला हरिद्वार में तैनात दारोगा आंचल फ़रासी ने बहादराबाद थाने के पास किराए पर एक कमरा लिया हुआ था। बुधवार की सुबह थाने में ध्वजारोहण कार्यक्रम में न पहुंचने पर दो पुलिसकर्मी आंचल के कमरे पर गए तो दरवाज़ा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर देखा कि फांसी के फंदे उसका शव लटका हुआ था। पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। फौरन मामले की सूचना एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी सिटी ममता वोहरा और सीओ कनखल मनोज कत्याल को दी गई।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे से दो सुसाइड नोट मिले हैं। एक सुसाइड नोट परिजनों के लिए छोड़ा था। पहले सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए खुद को ही जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है, मगर प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा कि आत्महत्या के पीछे निजी कारण रहे हैं। खुदकुशी का कारण सुसाइड नोट से पता चल सकता है, लेकिन अभी उसे सार्वजनिक नहीं किया गया है। वहीं लोग प्रेम संबंधों की भी चर्चा कर रहे हैं।