16 से 27 सितंबर तक पूरे देश में मनाया जाएगा ‘पर्यटन पर्व’

0
895

नई दिल्ली, 16 सितंबर से 27 सितंबर तक पूरे देश में ‘पर्यटन पर्व’ आयोजित किया जाएगा। पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन पर्व-2018 से संबंधित प्रारंभिक तैयारियों के लिए सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के साथ एक बैठक आयोजित की है। ‘पर्यटन पर्व’ की शुरूआत इंडिया टूरिज्म मार्ट- 2018 (16 – 18 सितंबर) के साथ शुरू होगी। ‘पर्यटन पर्व’ 27 सितंबर, 2018 को विश्व पर्यटन दिवस समारोह के साथ समाप्त होगा।

पर्यटन मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय अन्य केन्द्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और सभी हितधारकों के सहयोग से 16 सितंबर से 27 सितंबर, 2018 के दौरान पूरे देश में ‘पर्यटन पर्व’ आयोजित कर रहा है। मंत्रालय ने पर्यटन सचिव रश्मि वर्मा की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रालयों, राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधियों के साथ आज नई दिल्ली में ‘पर्यटन पर्व’ की योजना और तैयारियों के लिए एक ‘प्रारंभिक बैठक’ बुलाई। पर्यटन के लाभों पर ध्यान केंद्रित करने, देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने और ‘सभी के लिए पर्यटन’ के सिद्धांत को मजबूत करने के उद्देश्य से इस पर्व का आयोजन किया जा रहा है।

बैठक में पर्यटन सचिव ने सूचित किया कि ‘पर्यटन पर्व’ के पिछले वर्ष की तरह ही तीन मुख्य घटक होंगे, जैसे- देखो अपना देश, पर्यटन और पर्यटन तथा शासन। राज्यों को इस ‘पर्यटन पर्व’ के माध्यम से ऐसे स्थानों पर ध्यान केंद्रित करने और बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया है। पर्यटन क्षेत्र युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण आजीविका के लिए रोजगार के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान देता है। इसलिए सब इस अवसर का लाभ उठाएं। पर्यटन मंत्रालय ने इसके लिए राज्यों को 30 अगस्त तक का समय दिया है।