चम्पावत की जनता ने धामी को सर आंखों पर बिठाया

0
339

उत्तराखंड का उपचुनाव भाजपा की अपेक्षाओं के अनुरूप रहा। कांग्रेस की मंशा पर जनता ने पानी फेर दिया और कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत भी जब्त करा दी। जनता की अदालत में कांग्रेस अपना वर्चस्व धीरे-धीरे खोती जा रही है। कांग्रेस के बड़े नेता अपने-अपने वजूद को जिंदा रखने के लिए अपने स्तर पर प्रयासरत हैं, लेकिन सामूहिक रूप से उनकी एकरूपता कहीं नहीं दिखाई देती। इसका कारण लगातार हार पर हार मिलना है। चम्पावत उपचुनाव में भी जनता ने जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सर आंखों पर बिठाया, वहीं कांग्रेस को शर्मनाक हार थमा दी। मात्र उत्तराखंड ही नहीं पूरे देश में जनता ने कांग्रेस को हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया है।

विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 47 सीटें प्राप्त की थी। इन्हीं 47 विधायकों में से एक विधायक कैलाश गहतोड़ी ने चम्पावत से त्यागपत्र देकर पुष्कर सिंह धामी के लिए चुनाव लड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। इसके बाद जिस समय से पुष्कर सिंह धामी ने अपना नामांकन किया, उसी समय से यह लगने लगा था कि चम्पावत से पुष्कर सिंह धामी की भारी जीत होगी, लेकिन समीक्षकों को यह भी अंदाजा नहीं था कि कांग्रेस समेत सभी दल अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रही और प्रदेश पदाधिकारी रही निर्मला गहतोड़ी मात्र साढ़े तीन हजार वोटों पर सिमट गईं। मुख्यमंत्री धामी ने इस चुनाव में उन्हें रिकॉर्ड 55025 वोटों से हरा दिया। मुख्यमंत्री धामी को 57 हजार 268 मत ईवीएम के माध्यम से और 990 मत पोस्टल वैलेट के माध्यम से मिले। उन्होंने कुल मतों का 92.94 प्रतिशत मत प्राप्त किया। इसके ठीक विपरीत कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला गहतोड़ी ने 3 हजार 148 मत ईवीएम के माध्यम से तथा 86 मत पोस्टल वैलेट के माध्यम से प्राप्त किए, जिनके मतों का प्रतिशत 5.16 प्रतिशत रहा। चंपावत उपचुनाव में कुल 61,771 वोट पड़े थे।

कांग्रेस के नेता इस चुनाव में बड़े-बड़े दावे कर रहे थे और उनका कहना था कि जिस तरह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा की जनता ने नकारा, उसी तरह चम्पावत की जनता भी नकारेगी, लेकिन उनकी बात गलत साबित हुई और कांग्रेस को ही जनता ने नकार दिया। यह चुनाव कई मायने में महत्वपूर्ण है। इसका एक अर्थ यह निकाला जाता है कि जनता को काम करने वाला नेता और जमीनी नेता चाहिए। उसे हवाई नेता नहीं चाहिए। जनता को अपने बीच रहने वाला, खाने वाला, बैठने वाला जनप्रतिनिधि चाहिए। पुष्कर सिंह धामी चम्पावत की जनता के अनुरूप साबित हुए।

इस संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान शुक्रवार को चम्पावत की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन अपेक्षाओं के साथ मुख्यमंत्री धामी को चुना है, हम उसमें पूरी तरह सफल साबित होंगे।