पौड़ी की रामलीला के 121 साल पूरे,क्यों है यह यूनेस्को की धरोहर

0
1169

अक्टूबर का महीना त्यौहारों का महीना होता है और इस महीने में मनाया जाता है रामलीला। अगर हम उत्तराखंड की बात करें तो यहां की रामलीलाओं में गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी में होने वाली रामलीला का पहला स्थान है।

इस रामलीला की खास बात है कि यह यूनेस्को की धरोहर बन चुकी है, जिसने विभिन्न संप्रदायों के लोगों को आपस में जोड़ने का काम तो किया ही, आजादी के बाद समाज में जागरुकता लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पारसी थियेटर शैली और राग-रागनियों पर आधारित इस रामलीला का वर्ष 1897 में पौड़ी में स्थानीय लोगों के प्रयास से कांडई गांव में पहली बार मंचन हुआ था।

पौड़ी की रामलीला यूनेस्को की धरोहर

पौड़ी की इस ऐतिहासिक रामलीला को अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी परखा गया है। कुछ वर्ष पूर्व यूनेस्को की ओर से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम से जुड़ी तमाम विधाओं के संरक्षण की योजना बनाई गई। इसके तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र दिल्ली ने देशभर में रामलीलाओं पर शोध किया। फरवरी 2008 में केंद्र ने पौड़ी की रामलीला का दस्तावेजीकरण किया और साबित हुआ कि यह ऐतिहासिक धरोहर है। खुद यूनेस्को ने उसे यह मान्यता प्रदान की है। निश्चित रूप में एक सांस्कृतिक दस्तावेज के तौर पर इस रामलीला का देश की विरासत में शामिल होना किसी भी परिपाटी के लिए गौरव की बात है।

शुरुआती दौर में रामलीला में प्रकाश व्यवस्था के लिए स्थानीय भीमल वृक्ष की लकड़ी (छिल्लों) का प्रयोग होता था। लेकिन, वर्ष 1930 में छिल्लों का स्थान पेट्रोमैक्स ने ले लिया। यह वह दौर था, जब गायन पक्ष में माइक के अभाव के कारण ऊंचे स्वर वाले गायकों को तरजीह दी जाती थी। यह पारसी थियेटर शैली का ही एक अंग है। वर्ष 1945 में नौटंकी शैली का स्थान पूरी तरह रंगमंच की पारसी शैली ने ले लिया। वर्ष 1957 में पौड़ी का विद्युतीकरण हुआ और रामलीला मंचन का स्वरूप भी निखरने लगा। धीरे-धीरे गीत नाट्य के जरिए इसके संगीत को विशुद्ध शास्त्रीयता से जोड़ा गया। स्क्रिप्ट में बागेश्री, विहाग, देश, दरबारी, मालकोस, जैजवंती, जौनपुरी जैसे प्रसिद्ध रागों पर आधारित रचनाओं का समावेश किया गया।

पूरे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली पौड़ी की रामलीला में हिंदुओं के साथ मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोग भी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करते रहे हैं। इनमें मोहम्मद सिद्दीक, सलारजंग, इलाहीबख्श हुसैन, हसीनन हुसैन व इमामउल्ला खां के साथ ईसाई समुदाय के विक्टर का नाम भी आदर से लिया जाता है। आज भी यह परंपरा अनवरत चली आ रही है। रामलीला का यह मंच अनेक कलाकार, संगीतकार, गायक और कवियों की साधनास्थली भी रहा है।

जिंक ऑक्साइड की जगह पेन केक

रामलीला मंचन में मेकअप हमेशा एक चुनौतीपूर्ण कार्य रहा है। कम प्रकाश व्यवस्था के कारण विद्युतीकरण होने के बाद भी मेकअप में जिंक ऑक्साइड का प्रयोग किया जाता था। लेकिन, बाद के वर्षों में वीडियोग्राफी के प्रचलन में आने के बाद अब जिंक ऑक्साइड का स्थान पेन केक ने ले लिया है।

दृश्य के अनुरूप लगते हैं सैट

साठ के दशक से रामलीला के कलापक्ष पर विशेष ध्यान दिया जाने लगा। खासकर, मंचन के दौरान दृश्य के अनुरूप सेट लगाने पर। इस दौर में भगवंत सिंह नेगी का दृश्य संयोजन और मंच निर्माण में विशेष योगदान रहता था। शुरू में मंच लकड़ी का बनाया जाता था, लेकिन वर्ष 1993 में पौड़ी नगर पालिका ने उसी स्थान पर एक विशाल स्थायी मंच का निर्माण करा दिया। मंच के लिए रामलीला कमेटी को यह जमीन कांडई गांव के कोतवाल सिंह नेगी के परिवार ने दान में दी थी।

सबसे पहले शामिल हुए महिला पात्र

पूरे उत्तराखंड में पौड़ी की रामलीला को ही यह श्रेय जाता है कि उसने महिला पात्रों को रामलीला मंचन में सर्वप्रथम शामिल किया। वर्ष 2002 में पहली बार यह प्रयोग किया गया, जो लोगों को इस कदर भाया कि आज सभी महिला पात्रों को महिलाएं ही अभिनीत करती हैं।महिला का किरदार महिला कलाकार के निभाने से रामलीला की अहमियत और बढ़ जाती है। विशेषज्ञ रंगकर्मी दो माह तक इन कलाकारों को गायन और नृत्य कला की सीख देते हैं। इस बार आगामी दस अक्टूबर से रामलीला शुरू हो रही है, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

पौड़ी की रामलीला की खासियत यह कि आपसी समन्वय और निरंतरता के चलते इसे देखने के लिए जनपद के शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की तादाद में दर्शक यहां पहुंचते हैं। इतना ही नहीं दूसरे जनपदों से भी यहां दर्शक आते हैं। शांति व्यवस्था बनाने में प्रशासन भी सहयोग करता है। हर रोज रामलीला मैदान आयोजन के दौरान दर्शकों से भरा रहता है।