बॉलीवुड में 31 साल पूरे किये सल्लू ने

0
379
बॉलीवुड के दंबग सल्लू मियां उर्फ सलमान खान लगातार सुर्खियों में रहते हैं। वे सोशल मीडिया पर क्या लिखते हैं, उनका स्टाइल, उनकी  दरियादिली और उनकी फिल्में हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। हाल में सलमान खान ने बॉलीवुड में अपने करियर के 31 साल पूरे किये हैं। सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों ‘दबंग 3’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। बॉलीवुड में 31 साल पूरे होने सलमान ने सोशल मीडिया पर फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया है। सलमान ने अपनी बचपन की एक फोटो शेयर कर ट्वीट किया-‘ भारतीय फिल्म इंडस्ट्री  खासकर मेरे फैंस और शुभचिंतकों को धन्यवाद, जो इस 31 साल के सफर में मेरे साथ थे। जिन्होंने इस अद्भुत यात्रा को संभव बनाया है।’
बता दें कि सलमान खान बॉलीवुड के मशहूर लेखक सलीम खान के बेटे हैं। उनका जन्म 27 दिसंबर 1965 को हुआ था। सलमान खान ने 1988 में आई फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फारुख शेख और रेखा जैसे सितारों के बीच सलमान लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे। हालांकि सलमान को सफलता 1989 में रिलीज हुई ‘मैंने प्यार किया’ से मिली। सूरज आर. बड़जात्या की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ भारत की सर्वाधिक कमाई वाली फिल्मों से एक फिल्म थी। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नए अभिनेता का पुरस्कार मिला था। सलमान खान ने इस फिल्म में रोमांटिक किरदार निभाया था। इस फिल्म में वह अभिनेत्री भाग्यश्री के साथ नजर आए थे। दोनों की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था और यहीं से सलमान की कामयाबी का सफर शुरू हुआ।
फिल्मों के साथ-साथ सलमान खान का रोमांस भी चर्चा का विषय बना रहा। एक विज्ञापन में सलमान संगीता बिजलानी के साथ नजर आए थे। संगीता बिजलानी से उनका लंबा रोमांस चला। उसके बाद सोमी अली से भी उनका अफेयर रहा। सलमान का कई अभिनेत्रियों के साथ अफेयर रहा है, लेकिन उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। सलमान के पिता मुसलमान और मां हिन्दू है। सलीम की दूसरी बीवी ईसाई है, इसलिए हर त्योहार सलमान अपने परिवार के साथ बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाते हैं। सलमान खान का एनजीओ बीइंग ह्यूमन लोगों की भलाई के लिए काम कर रहा है।
सलमान खान का विवादों से भी गहरा नाता रहा है। चाहे वह 28 सितंबर 2002 में हुए हिट एंड रन केस हो या काले हिरण शिकार मामला हो। शिकार मामले में सलमान खान को जेल भी जाना पड़ा था। सलमान ने टीवी की दुनिया में भी अपनी अगल पहचान बनाई है। वह रियलिटी शो ‘दस का दम’ और ‘बिग बॉस’ के कई सीजन होस्ट कर चुके हैं। सलमान ने साजन, करण-अर्जुन, हम आपके है कौन, जुड़वां, प्यार किया तो डरना क्या, हम दिल दे चुके सनम, तेरे नाम, मुझसे शादी करोगी, बजरंगी भाईजान, एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है, दबंग, भारत जैसी कई सुपरहिट दी है। सलमान की अगली फिल्म ‘दबंग 3’ इसी साल 20 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बॉलीवुड के दबंग बॉलीवुड में अपनी दरियादिली के लिए फेमस हैं।