महाकाल मंदिर पहुंचीं कंगना राणावत, भस्म आरती में हुईं शामिल

0
1156

प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री शनिवार को सुबह उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने यहां भगवान महाकाल मंदिर पहुंचकर न केवल दर्शन लाभ लिए, बल्कि पूजन-अर्चन कर भगवान महाकाल का अभिषेक भी किया। इससे पहले वे अलसुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती में भी शामिल हुईं। इस दौरान उनके साथ उनकी फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की टीम भी उपस्थित थी।

बता दें कि कंगना महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की शूटिंग के लिए इन दिनों मध्यप्रदेश के प्रवास पर आई हैं। वे फिल्म में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभा रही हैं। मणिकर्णिका की शूटिंग के लिए वे शुक्रवार को महेश्वर पहुंची थीं। शनिवार को सुबह कंगना फिल्म यूनिट के साथ उज्जैन पहुंचीं और भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजन-अभिषेक किया। पूजन शासकीय पुजारी प्रदीप गुरु ने संपन्न कराया। महाकाल मंदिर समिति के प्रशासक अभिषेक दुबे समेत अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।