राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 42 लाख 77 हजार बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

0
732

देहरादून। बच्चों के कृमि संक्रमण से बचाव के लिए अगामी आठ फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक से 19 साल आयु के 42 लाख 77 हजार बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे आठ फरवरी को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे उन्हें 14 फरवरी को मॉपअप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पंद्रह बच्चों को दवा खिलाकर इस अभियान की शुरुआत की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बीते साल अगस्त में प्रदेश में 31 लाख से अधिक बच्चों को दवा खिलाई गई थी। इस बार प्रदेशभर के 24 हजार स्कूलों व 19 हजार 446 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी। 2456 शिक्षकों और 19807 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। 9091 आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका भी अहम होगी। आमतौर पर यह देखा गया है कि कृमि संक्रमण का बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनके सम्रग विकास पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। भारत में कृमि संक्रमण एक बड़ी समस्या के रूप में उभर रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार भारत में पांच से 14 साल आयु तक के 22 करोड़ से अधिक बच्चों को कृमि संक्रमण का खतरा है। कृमि संक्रमण की रोकथाम के लिए एल्बेंडाजोल की गोली लाभदायक है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान में सरकारी स्कूलों के साथ ही सभी निजी स्कूलों व स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। स्कूल न जाने वाले बच्चों को आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई जाएगी।