दून अस्पताल अब कोरोना संक्रमितों के लिएः डीएम 

0
463
वैश्विक महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस के मद्देनजर जिला प्रशासन ने फैसला किया है कि  देहरादून का दून अस्पताल अब सिर्फ कोरोना संक्रमितों के लिए आरक्षित रहेगा। आम मरीजों का इलाज  कोरोनेशन अस्पताल और गांधी शताब्दी अस्पताल  में होगा। यह जानकारी जिला अधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने यहां मंगलवार को पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि अब भोजन और राशन सामग्री सामाजिक संस्थाएं सीधे  लोगों तक न पहुंचा कर प्रशासन और क्षेत्रवार पुलिस थानों  के सुपुर्द करेंगी। कोरोना वारियर्स डे के रूप में सिविल सोसायटी ने सर्राफा अध्यक्ष सुनील मैसेंन और एमकेपी  वार्ड के सफाई नायक विनोद पुत्र संतराम को चुना।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि लॉक डाउन में फंसे लोगों की पुलिस प्रशासन मदद कर रहा है। इस कार्य में सामाजिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। मगर अब भोजन पैकेट और  राहत सामग्री  संस्थाएं प्रशासन और पुलिस को सौपेंगी। इनके लोगों को पास जारी किए जाएंगे। यह पास संबंधित थाना क्षेत्र में मान्य होंगे। इसका मकसद है कि सबको बराबर से भोजन के पैकेट और राशन सामग्री मिल सके।
उन्होंने कहा कि लॉक डाउन में फंसे मजदूरों की चौबीस घंटे मदद की जा रही है। राशनकार्ड न होने के बावजूद सबको राशन सामग्री दी जा रही है। राशनकार्ड धारकों को एक महीने का पेड राशन दिया जा रहा है।
जिला अधिकारी ने निजामुद्दीन में हुए मरकज के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि यह पता किया जा रहा है कि देहरादून से कितने लोग शरीक हुए थे। उन्होंने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर के लिए  वन स्टाप सेंटर, हॉस्टल  सहित जगहों को चयन किया गया है।  फंसे हुए व्यक्तियों को  स्कूल  व अन्य स्थानों पर रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। बाहर से पहुंच रहे लोगों को  14 दिन की निगरानी में रखा जा रहा है। उन्होंने  कहा कि श्रमिकों और अन्य कार्यों के मद्देनजर मंगलवार को बैंक दिन भर खुले रहे।