राफेल मुद्दे पर कांग्रेस ने की झूठ की रीजनीति: जनरल सिंह

0
561

देहरादून,  भारतीय जनता पार्टी से केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री व पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल(सेनि) वीके सिंह रविवार को मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की सत्य की विजय बताते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
फैसले का किया स्वागत।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान राफेल सौदे के मामले में देश की सर्वोच्च अदालत के फैसले को सत्य की जीत और झूठ की हार करार दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह सिद्ध हो गया है झूठ के पांव नहीं होते। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ जानबूझकर झूठ फैलाया गया। लेकिन, झूठ की उम्र बहुत कम होती है और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से साबित हो गया कि राफेल डील में कोई अनियमितता नहीं थी। उच्चतम न्यायालय का फैसला निर्णायक है और सौदे के बारे में किसी संदेह की गुंजाइश नहीं छोड़ता।

देश की जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप
जनरल सिंह ने कांग्रेस पर झूठ का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। कहा कि सुप्रीम कोर्ट में राफेल सौदे को लेकर चार अलग अलग याचिकाएं दायर की गई थी। जिसमें निर्णय प्रक्रिया, डील की कीमत और ऑफसेट पार्टनर के चुनाव पर सवाल उठाए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने इन तीनों आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट फैसला दिया, जिसमें जांच की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद एक और झूठ के आधार पर देश की जनता को गुमराह करने का इतना बड़ा प्रयास पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इससे भी दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि यह सब देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा किया गया। जब कांग्रेस सभी तरह की बाधाएं खड़ी करते करते थक गई, तो राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ के नाम पर सरकार को निशाना बनाने का खेल खेला गया। कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को यह समझना चाहिए कि सच की सिर्फ एक आवाज होती है। जबकि झूठ के कई मुंह होते हैं। राहुल गांधी ने हर जगह झूठ बोला और वह झूठ जनता के सामने बेनकाब हो गया। कांग्रेस पार्टी काल्पनिक दुनिया में जी रही है, जिसमें सच और न्याय की कोई गुंजाइश नहीं है।

कांग्रेस को दी खुली चुनौती
सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अब कांग्रेस पार्टी सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय पर सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस पार्टी के पास तथ्य थे, तो फिर राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट जाने से कौन रोक रहा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐसा सिर्फ इसलिए किया, क्यांकि वे पहले से जानते थे कि वे झूठ की बुनियाद पर केवल आरोप की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी कि वे सदन में इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस नेता सदन में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करेंगे। क्योंकि इससे देश की जनता को सारा सच मालूम हो जाएगा। कहा कि आज झूठ का पर्दाफाश हो गया है जो कांग्रेस की तरफ से देश को गुमराह करने के लिए रचा गया था।

‘इट इज फाइनेंसियल एडवांटेज टू द नेशन’
एयर क्राफ्ट क्वालिटी और उसकी रिक्वायरमेंट को भी मान्यता देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसमें संदेह का कोई कारण नजर नहीं आता। कोर्ट ने कहा कि जब पड़ोसी देशों की वायु सेना चौथे और पांचवें जनरेशन के एयरक्राफ्ट से सुसज्जित हो। तब भारत के लिए राफेल की खरीद प्रक्रिया में देरी देशहित में नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जहां तक प्राजिंग का सवाल है तो एक बार जरूर कहना चाहूंगा कि ‘इट इज फाइनेंसियल एडवांटेज टू द नेशन’। कोर्ट ने इस विषय से भी अपनी सहमति व्यक्त करते हुए जांच की जरूरत को खारिज कर दिया। आफसेट पार्टनर चुनने के विषय पर भी सुप्रीम कोर्ट ने अपनी स्पष्ट राय देते हुए कहा कि भारत सरकार की राफेल डील में ऑफसेट पार्टनर तय करने में कोई भूमिका नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा किसी को भी आर्थिक फायदा पहुंचाने का कोई भी तथ्य सामने नहीं आया है। इसलिए सारे आरोप निरस्त किए जाते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि मीडिया रिपोर्टों और मैन्युफैक्चर किए गए परसेप्शन के आधार पर कोर्ट कोई भी फैसला नहीं दे सकता। क्योंकि इन आरोपों में कोई तथ्य नहीं है। इसलिए कोर्ट को इसमें दखल देने का भी कोई औचित्य नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि सूरज के सामने चाहे कितना भी कीचड़ उछाला जाए, कितनी भी मिट्टी उठाई जाए, हम पर भी गिरती है। इससे सूर्य का तेज कभी कम नहीं होता। राहुल गांधी इस नसीहत को माने और आने वाले दिनों में ऐसी बचकानी हरकत से भी बाज आए। शायद इससे उन्हें अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने में थोड़ी सी मदद मिल जाए।

राहुल गांधी से कर पद छोड़ने की मांग
जनरल वीके सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने और अपनी पार्टी के तत्काल फायदे के लिए झूठ का सहारा लेने की नई रणनीति की शुरुआत की है। देश की सर्वोच्च अदालत का आज का फैसला झूठे आरोप लगाने की राजनीति करने वालों के मुंह पर करारा तमाचा है। उन्होंने यह भी कहा कि झूठ अपने निर्माता की विश्वसनीयता को कम करता है। दुनिया भर के लोकतंत्र में ऐसी परंपरा रही है, कि नेता अपने झूठ पकड़े जाने पर अपना पद छोड़ देते हैं। राहुल गांधी को भी जानबूझकर झूठ की राजनीति करने के लिए अपना पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश रक्षा के साथ खिलवाड़ करने और जनता को गुमराह करने के लिए राहुल गांधी को देश की जनता और सेना के जवानों से माफी भी मांगनी चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन और प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल सहित काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी प कार्यकर्ता मौजूद रहे।