प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस की शादी पर सवाल उठाने वाली पत्रकार मारिया ने मांगी माफी

0
751

नई दिल्ली, हिन्दी सिनेमा की सबसे चर्चित शादी में से एक प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस की शादी पर सवाल उठाने वाली अमेरिका की ‘द कट’ मैग्जीन की महिला पत्रकार मारिया ने आज ट्वीटर के माध्यम से माफी मांगी है।

मारिया ने अपने माफीनामे में लिखा, ”मैं प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस से औऱ अपने उन पाठकों से भी माफी मांगती हूं, जिनकी मैंने भावनाओं को ठेस पहुंचाई । मैं सेक्सिज्म, जीनोफोबिया, रेसिज्म की निंदा नहीं करती। मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेती हूं जो मैंने लिखा है, और मैं गलत थी। मैं सच में माफी चाहती हूं।”

उल्लेखनीय है कि अमेरिका से प्रकाशित होने वाली ‘द कट’ मैग्जीन की पत्रकार व लेखक मारिया स्मिथ ने प्रियंका चोपड़ा के निक जोनस से शादी करने को लेकर एक विवादस्पद लेख लिखा था, जिसमें उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को ‘ग्लोबल स्कैम आर्टिस्ट’ कहा था। मारिया ने अपने लेख में लिखा था कि प्रियंका ने निक जोनस से धोखे से शादी की है। निक सिर्फ अफेयर चाहते थे लेकिन इसके बदले हॉलीवुड में हाल में कदम रखने वाली प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें आजीवन कारावास दे दिया। शादी एक सबसे बड़ी खुशी होती है, जहां दो परिवार मिलते हैं लेकिन दुख की बात है कि इस शादी में कोई असली फीलिंग्स नहीं हैं। उन्होंने आगे लिखा, ”निक अगर आप ये आर्टिकल पढ़ रहे हैं तो उस घोड़े को ढूंढिए और जितनी जल्दी हो सके वहां से बचकर निकल जाइए।”

प्रियंका चोपड़ा पर इतना बड़ा आरोप लगाने के बाद इस मैगजीन और पत्रकार को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ा तो इस आर्टिकल को वापस ले लिया गया। साथ ही मैगजीन के एडिटर ने अपने नोट में लिखा, ”ये आर्टिकल हमारे मापदंडों से मैच नहीं करता, इसलिए मैं ये आर्टिकल वापस लेता हूं और माफी मांगता हूं।