जल्द शुरू होगा यमुनोत्री हाई-वे पर टनल कार्य

0
687

उत्तरकाशी, चारधाम परियोजना के ऑल वेदर रोड़ के तहत यमुनोत्री हाई-वे पर सिलक्यारा बैंड से बड़कोट तक 4.5 किमी लंबा सुरंग बनाया जाएगा। इसको लेकर कार्यदायी संस्था ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने बताया कि इस सुरंग का निर्माण जनवरी 2019 से शुरू होगा। साथ ही बताया कि इसके शिलान्यास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आ सकते हैं।

यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यमुनोत्री हाई-वे पर सिलक्यारा बैंड से बड़कोट तक करीब 4.5 किमी लंबा सुरंग बनाया जाना है। इस सुरंग के लिए केंद्र सरकार ने 1383.78 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। उन्होंने बताया कि इसका शिलान्यास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस सुरंग के बनने से यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की 22 किमी की दूरी कम होगी। साथ ही बताया कि सुरंग का निर्माण ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा बैंड से बड़कोट के पोल गांव तक किया जाएगा।

विधायक केदार रावत ने कहा कि इस सुरंग के निर्माण से यमुना घाटी के लोगों को सबसे ज्यादा सहूलियत होगी। सुरंग निर्माण से राड़ी टॉप में बर्फबारी के दौरान वाहनों की आवाजाही में होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा। साथ ही कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान जाम के झाम सहित राड़ी टॉप में होने वाली दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।