विशाखा गाइडलाइंस का इस्तेमाल करें महिलाएंः किरण खेर

0
686

नई दिल्ली, बॉलीवुड अभिनेत्री व भाजपा सांसद किरण खेर ने कहा कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए हर संस्थान को ‘विशाखा गाइडलाइंस’ का पालन करना जरूरी है। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो यह उनकी बहुत बड़ी गलती है। यह बात किरण खेर ने इंडियाज गॉट टैलेन्ट के सीजन-8 के मौके पर कही है।

किरण खेर ने विशाखा गाइडलाइंस के बारे में कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले यौन शोषण जैसे मामले सिर्फ देश में ही नहीं, पूरी दुनिया में है। उन्होंने कहा कि विशाखा गाइड लाइन्स का इस्तेमाल आप सब को करना चाहिए। अगर आप नहीं करते हैं तो यह बहुत बड़ी गलती है।

मी टू अभियान पर किरण खेर ने कहा कि महिलाओं को अपने साथ हुए यौन शोषण पर तुरन्त अावाज उठानी चाहिए न कि इसके लिए लंबा इंतजार करना चाहिए। किरण ने आगे कहा कि यौन उत्पीड़न समाज की पितृसत्तात्मक सोच का परिणाम है, जो पुरुषों को यह सिखाती है कि महिलाओं पर उनका अधिकार है।

निर्देशक साजिद खान पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर किरण खेर ने कहा कि वह आरोप लगाने वाली चारों महिलाओं पर यकीन करती हैं। उन्होंने कहा, “मैं साजिद को कई साल से जानती हूं… और मेरे साथ कुछ नहीं हुआ, इसलिए मैं इस पर कुछ नहीं कह सकती। इसमें कितनी सच्चाई है या नहीं, यह सिर्फ साजिद या उन पर आरोप लगाने वाली महिलाएं ही बता सकती हैं।”

इस मौके पर उनके साथ शो में जज की भूमिका में मौजूद मलाइका अरोड़ा खान ने साजिद खान से जुड़े सवाल पर एक जैसी ही बात कही कि, “मुझे लगता है जब एक महिला बोलती है तो उसको सुनना चाहिए। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो जरूर उसपर कानूनी कार्रवाई होगी, अगर कोई दोषी हैं तो उसको इसकी सजा जरूर मिलेगी।”

मलाइका ने कहा कि, “ऐसी मानसिकता को बदलने के लिए हमें अपने बच्चों से शुरुआत करनी होगी। हमें अपने बच्चों को यह समझाना होगा कि उन्हें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए न कि उन्हें फार ग्रान्टेड लें। महिला को एक खिलौने जैसा नहीं समझना चाहिए लेकिन दुर्भाग्यवश हमारे समाज में ऐसी मानसिकता बनी हुई है। पुरुष महिलाओं को अपने अधीन समझते हैं।”