भाजपा के स्टार कैंपेनर बने विवेक ओबेराय

0
626

मुंबई, इन दिनों विवादों के घेरे में आई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी फिल्म में उनका रोल करने वाले अभिनेता विवेक ओबेराय अब भारतीय जनता पार्टी के स्टार कैंपेनर बन गए हैं।

स्टार कैंपेनर के तौर पर विवेक ओबेराय इन चुनावों में गुजरात राज्य में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। भाजपा द्वारा गुजरात के लिए स्टार कैंपेनर नेताओं की जारी लिस्ट में विवेक ओबेराय का नाम भी शामिल किया गया है। इन चुनाव में गुजरात पहला राज्य है, जहां के चुनाव प्रचारकों की लिस्ट में विवेक ओबेराय का नाम सामने आया है।

गुजरात में एक चरण में आगामी 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दिलचस्प बात ये है कि मोदी पर बनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान विवेक ओबेराय ने कहा था कि वे भाजपा के सदस्य नहीं हैं और उन्होंने मोदी पर बनी फिल्म में इसलिए काम किया है, क्योंकि वे प्रधानमंत्री के तौर पर उनको पसंद करते हैं। विवेक के पिता सुरेश ओबेराय फिल्म के चार निर्माताओं में से एक हैं।

गुजरात से पिछले चुनावों में अभिनेता परेश रावल ने अहमदाबाद पूर्व की सीट से विजय हासिल की थी, लेकिन इस बार व्यस्तता का हवाला देकर परेश रावल ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया, लेकिन गुजरात के स्टार कैंपेनर नेताओं की लिस्ट में परेश रावल का नाम नहीं है। पूर्व अभिनेत्री रहीं स्मृति ईरानी का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में दर्ज है।