भारत में सबसे तेज 3000 रन बनाने के मामले में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंचे कोहली

0
707

नई दिल्ली, वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन 139 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर कप्तान विराट कोहली ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। कोहली ने भारत में अपने टेस्ट क्रिकेट के 3 हजार रन पूरे कर लिए हैं। भारत में सबसे तेज 3000 रन बनाने के मामले में विराट कोहली मध्यक्रम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।

विराट ने 53वीं पारी में ये आंकड़ा पार किया| चेतेश्वर पुजारा भी इतनी ही पारियों में ये कारनामा कर चुके हैं। इसके बाद सचिन तेंदुलकर का नंबर आता है, जिन्होंने 55 पारियों में भारत में 3000 रन पूरे किए थे।

उल्लेखनीय है कि भारत में विराट की 33 टेस्ट मैचों में औसत 65 से ज्यादा की है। अपने घरेलू जमीन पर विराट ने 11 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं। विराट के नाम अपने देश में 5 दोहरे शतक भी हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक 243 रन है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ बनाया था।

इसके अलावा एक साल में एक हजार से ज्यादा रन बनाने के मामले में कोहली छठे स्थान पर हैं। कोहली वर्ष 2016 से 2018 के बीच अब तक तीन बार 1 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।

इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन हैं। हेडन ने वर्ष 2001 से 2005 के बीच पांच बार एक हजार रन से ज्यादा रन बनाए। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ही स्टीव स्मिथ हैं। स्मिथ ने भी वर्ष 2001 से 2005 के बीच चार बार एक हजार रन से ज्यादा रन बनाए। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के केविन पीटरसन हैं। पीटरसन ने वर्ष 2001 से 2005 के बीच तीन बार एक हजार रन से ज्यादा रन बनाए। इसके बाद चौथे नंबर पर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा हैं। लारा ने वर्ष 2001 से 2005 के बीच तीन बार एक हजार रन से ज्यादा रन बनाए। पांचवें नंबर पर मार्कस ट्रेस्कोथिक हैं। इन्होंने भी वर्ष 2001 से 2005 के बीच तीन बार एक हजार रन से ज्यादा रन बनाए।