उक्रांद उत्तराखंड के अस्तित्व को बचाने के लिए कर रही संघर्ष

0
586

गढ़वाल संसदीय सीट पर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद)के उम्मीदवार शांति प्रसाद भट्ट के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आये उक्रांद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने इस नये राज्य की अवधारणा समाप्त कर दी है।जबकी उक्रांद राज्य के अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उक्रांद के संरक्षक ने कहा कि उनका दल राज्य के ज्वलंत मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में है। इस चुनाव में मुद्दे गायब है, सिर्फ एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति चल रही है और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस समय राज्य को बचाना एक बडा मुद्दा है। जिन सपनों को लेकर उत्तराखंड राज्य बना था उस परिकल्पना को कांग्रेस और भाजपा ने समाप्त कर दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य बने 19 वर्ष हो गये है लेकिन राज्य की राजधानी का मसला ठंडे बस्ते में पडा हैै। कहा कि उत्तराखंड की जनता को एक बार उक्रांद को मौका देकर प्रदेश के हितों को बचाने के लिए आगे आना होगा। इस मौके पर केंद्रीय महामंत्री सत्य प्रकाश सती, देवेश्वर भट्ट, जिलाध्यक्ष अब्बल सिंह भंडारी, राजेंद्र नौटियाल आदि मौजूद थे।