मजदूर, चाय बगान मालिकों के आएंगे अच्छे दिन: वित्त मंत्री

0
1351

बागेश्वर। प्रदेश के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि मजदूर, बगान मालिकों के अच्छे दिन आएंगे। कौसानी में बंद पड़ी चाय फैक्ट्री जल्द शुरू होगी। इस संबंध में फैक्ट्री और टी-बोर्ड के सभी प्रकरणों की जांच होगी।
कैबिनेट मंत्री पंत ने लोनिवि गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि टी-बोर्ड कार्यालय अल्मोड़ा में है जिसे कौसानी शिफ्ट किया जाएगा। पूर्व में भी कार्यालय को यहां लाने के निर्देश दिए गए हैं। उस पर कार्रवाई चल रही है। पिछले पांच सालों से टी-फैक्ट्री का प्रकरण चल रहा है। चाय फैक्ट्री पीपीपी मोड में थी। जो बंद हो गई है। उससे बागाना मालिक, मजदूर आदि के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा पहले परीक्षण कराया जाएगा। फिर चाय फैक्ट्री कौसानी को विधिवत चलाया जाएगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि टी-बोर्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच भी चल रही है। गैरसैंण में हुई कैबिनेट में यह मुद्दा आया था। जिस पर सरकार स्पष्ट निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी चाय फैक्ट्री के अधिग्रहण की तैयारी भी की जा रही है। फैक्ट्री के प्रबंधक पर 44 लाख रुपये की वसूल है। वह प्रकरण भी देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि टी-बोर्ड मजदूरों के एरियर का मामला भी निपटाया जाएगा। इस मौके पर विधायक चंदन राम दास, शिव सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा आदि मौजूद थे।