यौन शोषण मामले में मशहूर गायक मीका सिंह दुबई में गिरफ्तार

0
640

नई दिल्ली,बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह को दुबई के अबु धाबी में नाबालिग लड़की को अश्लील तस्वीरें भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस बात की पुष्टि आज यूएई में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने की है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम पुलिस स्टेशन में मौजूद है। वह वहां मामले की जांच कर रही है।

मीका दुबई में एक बॉलीवुड इवेंट करने गए हुए थे, जिसका दो दिन पहले ही मीका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो भी शेयर किया था। उन्होंने कैप्शन में लिखा था ‘हे दुबई मैं आपके शहर में हूं और यह पहली बार है जब मैं यहां मोस्ट पॉपुलर अवार्ड ‘द मसाला अवार्ड फंक्शन’ को अटेंड करने आया हूं।’ इतना ही नहीं मीका ने यहां सिंगर एकोन के साथ ली हुई एक फोटो भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी। फोटो के साथ कैप्शन में लिखा ‘लंबे अरसे बाद एकोन से मिलना बहुत ही अच्छा लगा, जिसने अपने गानों से कई लोगों को अपना दिवाना बनाया हुआ है।’

उल्लेखनीय है कि मीका सिंह इससे पहले भी कई विवादो में घिर चुके हैं। साल 2015 में मीका को दिल्ली के एक डॉक्टर को इवेंट के दौरान थप्पड़ मारने के चलते गिरफ्तार किया गया था। साल 2006 में ट्रोवर्शियल क्वीन राखी सावंत ने मुंबई में एक बर्थडे सेलिब्रेशन में मीका के जबरन किस करने पर उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया था। साल 2014 में मीका हिट-एंड-रन केस में फंसे थे। इस दौरान उन्होंने एक ऑटो रिक्शा को अपनी कार से टक्कर मार दी थी।