गूगल ने तबला वादक लच्छू महाराज का बनाया डूडल

0
720

नई दिल्ली, सर्च इंजन गूगल ने महान तबला वादक लच्छू महाराज के 74वें जन्मदिन पर डूडल बनाकर उनको श्रद्धांजलि दी है।

अपने डूडल में गूगल ने अपने होम पेज पर लच्छू जी महाराज की एक पेंटिंग बनाई है। इसमें लच्छू जी महाराज गाते और तबला बजाते मुस्कराते दिखाई दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत के प्रसिद्ध तबला वादक लच्छू महाराज का जन्म 16 अक्टूबर, 1944 को उत्तरप्रदेश के वराणसी जिले में हुआ था। लच्छू महाराज के पिता का नाम वासुदेव महाराज था। लच्छू महाराज बनारस में पले-बढ़े और वहीं से तबला वादन की शिक्षा ली। लच्छू जी मात्र आठ साल के थे जब उन्होंने पहली बार मुंबई में तबला वादन की प्रस्तुति दी थी। उस समय वहां सभागार में मौजूद महान तबला वादक अहमद जान उनके वादन से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि ‘काश … लच्छू मेरा बेटा होता।’

लच्छू महाराज बॉलीवुड में भी कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं जिसमें ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘पाकीजा’ मुख्य है। लच्छू महाराज अपने बनारसिया अक्खड़ स्वभाव के लिए बहुत याद किए जाते हैं।

लच्छू महाराज को 1957 में ‘संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया गया। महाराज को देश के चौथे सर्वश्रेष्ठ नागरिक पुरस्कार पद्मश्री के लिए भी नामित किया गया था लेकिन, उन्होंने यह सम्मान लेने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि मेरे लिए दर्शकों की तालियां ही सबसे बड़ा सम्मान है। लच्छू महाराज ने लंबे वक्त तक बीमार रहने के बाद 27 जुलाई, 2016 को अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बनारस के मणिकर्णिका घाट पर किया गया था।