संकल्प अभियान के तहत रूद्राक्ष के पौधे किए जा रहे तैयार

0
511

गोपेश्वर,पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर शहर को सुंदर बनाने के संकल्प अभियान के तहत रूद्राक्ष के पौधों को तैयार किया जा रहा है। इन पौधों को निशुल्क देकर लोगों को पौध रोपण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

संकल्प अभियान के मनोज तिवारी ने बताया कि, “पर्यावरण को स्वच्छ रखने के प्रेरणा उन्हें अपने पिता स्व. चक्रधर तिवारी से मिली है। वे सर्वोदयी कार्यकर्ता थे। उन्होंने गोपेश्वर नगर क्षेत्रातंर्गत रूद्राक्ष व चंपा के पौध का रोपण कर शहर को शुद्ध हवा मिले ऐसा अभियान चलाया था। इसी की देन है कि आज गोपेश्वर नगर क्षेत्र की सडक के किनारे जो पेड लहलहा रहे है वे स्व. तिवारी की देन है। यही नहीं उन्होंने पुलिस लाईन में रूद्राक्ष के पौधों का भी रोपण किया था जो अब फल देने देने लगे है।”

इसी कडी में मनोज तिवारी भी रूद्राक्ष के पौधो की कलम तैयार कर लोगों को निशुल्क बांटते है ताकि लोग वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति सजग रहे। रूद्राक्ष का पौध हिंदू धर्म में पवित्र माना जाता है इसलिए लोग इसे अपने घरों के आसपास के अलावा देवालयों में अधिक से अधिक लगाते है। इस पौध की बहुत मांग है। लोग पहले तक इस पौध को लेने के लिए देहरादून तक जाते थे लेकिन अब गोपेश्वर में ही इसकी कलम तैयार कर लोगों को उपलब्ध करवायी जा रही है। मनोज तिवारी का कहना है कि आज कल वे रूद्राक्ष व चंपा के पौधो की कलम तैयार कर रहे है और आने वाले दिनों में इसे लोगों को निशुल्क बांट कर इनका रोपण कराया जाएगा।