15 नवंबर को खुलेगा राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क

0
642

हरिद्वार। 15 नवंबर से राजाजी टाइगर रिजर्व के सभी गेटों को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां सैलानी हाथी की सवारी का भरपूर आनंद उठा सकेंगे। इस बार निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, वहीं सैलानियों का गेस्ट हाउस में रुकना भी मना हो गया है।
राजाजी टाइगर रिजर्व में टाइगर, लेपर्ड, हाथी, वाइल्ड बोर, चीतल, सांभर के अलावा विभिन्न प्रजातियों के पक्षी रहती हैं। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पर्यटकों एवं सैलानियों के लिए हर साल की तरह इस बार भी 15 नवंबर को राजाजी टाइगर रिजर्व के विभिन्न रेंजों जैसे चीला रेंज रानीपुर, मोतीचूर, मोहंड और आशारोड़ी रेंजों को खोला जा रहा है। इस बार हाई कोर्ट के आदेश के चलते राजाजी टाइगर रिजर्व में प्राइवेट वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। वहीं, वन विभाग के भी केवल 20 वाहन ही पार्क में प्रवेश कर पाएंगे। वहीं, उधर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब राजाजी टाइगर रिजर्व पहुंचने वाले सैलानी वन विभाग के गेस्ट हाउस में नहीं रुक पाएंगे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सैलानियों के वन विभाग गेस्ट हाउस में रुकने पर पूर्ण रोक लग गई है। केवल वन विभाग के कर्मचारी ही वन विभाग गेस्ट हाउस में रह सकेंगे। सैलानी वन विभाग के बजाय गढ़वाल मंडल के गेस्ट हाउस में रह सकते हैं।