‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का नया पोस्टर रिलीज

0
548

नई दिल्ली, ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का नया पोस्टर जारी किया गया है। इस पोस्टर में डॉ. मनमोहन सिंह का किरदार निभा रहे मनमोहन सिंह हाथ जोड़े खड़े हैं। साथ ही पोस्टर में लाल रंग से लिखा हुआ है कि, मैं मनमोहन सिंह ईश्वर की शपथ लेता हूं…। यह पोस्टर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट ट्वीटर पर साझा किया है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बनी फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में घमासान मचा हुआ है। मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं को दिखाती यह फिल्म देशभर में विरोध का केन्द्र बन गई है।

पार्टी और नेताओं की छवि को गलत तरीके से पेश करने की बात करते हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आपत्ति जता रहे हैं। मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल के समय उनके मीडिया सलाहकार रहे पूर्व संपादक और वरिष्ठ पत्रकार संजय बारू की किताब ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ पर बनी इस फिल्म के कई संवाद और घटनाक्रम पर फिल्म के रिलीज होने से पहले ही कांग्रेस नाराजगी जता रही है।

फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को लेकर हमलावर हुई कांग्रेस की महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने चेतावनी तक दे डाली है कि अगर फिल्म उनको दिखाए बिना रिलीज की गई तो वह फिल्म को राज्य के सिनेमाघरों में चलने नहीं देंगे। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि ट्रेलर में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को गलत तरीके से दिखाया गया है। फिल्म में तथ्यों को लेकर छेड़छाड़ की गई है।

उल्लेखनीय है कि यह फिल्म इस साल 11 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इस फिल्म का निर्देशन विजय गुट्टे ने किया है। इस फिल्म में संजय बारु का किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। सोनिया गांधी का किरदार सुजैन बर्नट कर रही हैं ।