उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में हुई बारिश और बर्फबारी

0
1003

देहरादून, राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में शुक्रवार को एक बार फिर से मौसम में करवट लिया। सुबह मसूरी में बर्फबारी हुई। देहरादून जिले की अन्य तहसीलों में सुबह हल्की बारिश हुई। गुरुवार को मौमस साफ रहा, लेकिन आज एक बार फिर से बारिश और बर्फबारी के चलते ठंड में इजाफा हुआ है। मसूरी में पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर आनंद लिया।

रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड में बीते दिनों हुई बर्फबारी से विद्युत व्यवस्था बाधित है जो बहाल नहीं हो सकी है। विद्युत व्यवस्था बहाल किए जाने के लिए विभाग कार्यवाही में जुटा है। हरिद्वार जिले में भी हल्की वर्षा हुई। उत्तरकाशी जिले में हर्षिल, यमुनोत्री, गंगोत्री व अन्य उचाई वाले स्थानों में बर्फबारी तथा अन्य स्थानों पर बारिश हुई। हर्षिल में विद्युत व्यवस्था बर्फबारी के कारण बाधित है।

ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 108) सुखीटॉप गंगनानी से गंगोत्री तक बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है। वहीं (एनएच 94) रावडी टॉप से यमुनोत्री धाम तक बर्फबारी के कारण विरुद्ध है। पौड़ी जिले में वर्षा हो रही है। यहां बुवाखाल पौड़ी रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 121) बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है। इसके अलावा चार ग्रामीण मोटर मार्ग भी अवरुद्ध है। जिससे लोगों को परेशानियां हो रही हैं। नैनीताल जिले में वर्षा हुई है अभी बादल छाये हुये है। चंपावत जिले में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है।

पिथौरागढ़ जिले के मुंसियारी व बेरीनाग में बर्फबारी तथा अन्य स्थानों पर वर्षा हुई। तहसील मुंसियारी व धारचूला में बर्फबारी से विद्युत व्यवस्था बाधित है। थल मुंसियारी मोटर मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है। अल्मोड़ा में भी बादल छाए हुए हैं।

चमोली जिले में बद्रीनाथ, गैरसैण, जोशीमठ और ऊंचाई की पहाड़ियों में बर्फबारी तथा जनपद के अन्य हिस्सों में बारिश का क्रम बना हुइा है। पोखरी, ओली, निमोला, पांडवेश्वर तथा गैरसैंड के तीन गांव डोल्टू मेंहरगांव व सीलपाटा में बर्फबारी से विद्युत आपूर्ति ठप है। वहीं थराली में पेयजल व्यवस्था बाधित है। पेयजल और विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी व्यवस्था की बहाली में जुटे हुए है। ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 58) बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है। जिसे खोले जाने का कार्य किया जा रहा है। वही मंडल चोपता व औली मोटर मार्ग बर्फबारी के कारण बंद है।

टिहरी जिले में धनोल्टी व नई टिहरी में बर्फबारी हो रही है। जनपद के अन्य तहसीलों में वर्षा हो रही है। धनोल्टी मोटर मार्ग बर्फबारी के कारण बंद पड़ा है। त्ययूड़ क्षेत्र मंदार नैनचामी व धत्तू अगरखाला, नरेंद्र नगर, मुनिकीरेती व गुलर दोगी में बर्फबारी से बिजली बाधित है। वहीं जंगली धार देवप्रयाग में बर्फबारी से पेयजल व्यवस्था बाधित है। विभागीय अधिकारी व्यवस्था को बनाने में जुटे हुए।

बागेश्वर जिले में तहसील कपकोट में पिंडर घाटी क्षेत्र में बर्फबारी तथा अन्य स्थानों पर वर्षा हो रही है। रिखाड़ी वाछम ग्रामीण मोटर मार्ग बर्फबारी के कारण बंद पड़ा। उधमसिंह नगर जिले में भी हल्की वर्षा हो रही है।

मौसम विभाग विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि, “अगले 24 घंटों में भी प्रदेश में हल्की बरसात बर्फबारी होने की संभावना है। खासकर 2000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वालों पर बर्फबारी होने की संभावना है।”