कोलकाता में स्थापित होगी एसडी बर्मन और किशोर कुमार की प्रतिमाएं

0
799

कोलकाता, संगीत और गीत से कोलकाता का सदियों पुराना रिश्ता रहा है। वैसे भी पश्चिम बंगाल ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेता से लेकर संगीतकार और गीतकार तक दिया है। अब महानगर कोलकाता के दक्षिणी भाग में स्थित सदर्न एवेन्यू में संगीतकार एस डी बर्मन और गायक किशोर कुमार की दो प्रतिमाएं आगामी सोमवार यानी 22 अक्टूबर को स्थापित की जाएंगी।

इलाके में स्थित किशोर कुमार फैंस क्लब की ओर से ये प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। शुक्रवार को यह जानकारी क्लब की सचिव सुदिप्ता चंदा ने दी। उन्होंने बताया कि किशोर कुमार के बेटे और गायक अमित कुमार इन प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही कोलकाता नगर निगम के मेयर परिषद के सदस्य देवाशीष कुमार भी यहां मौजूद रहेंगे।

सुदिप्ता ने बताया कि क्लब की ओर से पहले सदर्न एवेन्यू के केयातला में आर डी बर्मन की प्रतिमा लगाई गई है। उस प्रतिमा के ठीक सामने इन दोनों संगीत दिग्गजों की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। उन्होंने बताया कि एस डी बर्मन एक समय में ढाकुरिया में सदर्न पार्क के पास लंबे समय तक रहे हैं। इसके अलावा किशोर कुमार ने भी कोलकाता की ही लड़की रूमा गुहा ठाकुरता से शादी की थी और वह भी कई बार कोलकाता आ चुके हैं। उनके बेटे अमित कुमार भी राजधानी में कुछ सालों पहले रहते थे। ऐसे में इन संगीत से जुड़े दिवंगत हस्तियों की यादें राजधानी में भी बड़े पैमाने पर संजोई जानी चाहिए। इसीलिए यह पहल की गई है।

इस बारे में पूछने पर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने कहा कि फैंस क्लब की ओर से इस पहल के बारे में जानकर बहुत अच्छा लग रहा है। वे अनावरण कार्यक्रम में तो मौजूद रहेंगे ही, इसके साथ ही जो भी अन्य मदद की जरूरत पड़ेगी तो देंगे। ज्ञात हो कि संगीत के इन दोनों हस्तियों ने 50 से 80 के दशक में संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया है। बॉलीवुड की कई ऐसी फिल्में है जिसमें एसडी बर्मन ने संगीत दिया और किशोर कुमार ने गीत गाया है। इसमें मुख्य रूप से 1951 में आई बहार फिल्म का गीत ‘कसूर आपका हुजूर आपका’, 1956 में फंटूश फिल्म का गीत ‘दुखी मन मेरे सुन मेरा कहना’, 1958 का चलती का नाम गाड़ी फिल्म का गीत ‘एक लड़की भीगी भागी सी’ और 1971 में गैंबलर फिल्म का गाना ‘दिल आज शायर है गम आज नगमा है’ विशेष तौर पर मशहूर है।