2022 का भारत होगा नया भारत : मुख्यमंत्री

0
690

देहरादून। त्रिशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 2022 का भारत, नया भारत होगा। इसकी झलक केन्द्रीय बजट में दिखी हैं। उन्होंने भी पांचों सीटें भाजपा के खाते में लाने का आश्वासन दिया तथा कहा कि किसान योजना से उत्तराखंड का 91.8 प्रतिशत ​किसान लाभान्वित होगा।​ किसी दुर्घटना में मृत्यु होने पर छह लाख रुपये ​मिलेंगे जो काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री को दिल्ली के दलालों को भगाने का महत्वपूर्ण कारक माना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली के दलालों को दूर करने का वायदा किया था और अब दिल्ली दलालों से मुक्त हो गई। सभा का संचालन महामंत्री एवं बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल ने किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं से इतिहास रचने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम पुरानी व्यवस्थाओं से अलग इतिहास रच सकते हैं। उन्होंने चिदंबरम के बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन पर कांग्रेस ने केवल 500 करोड़ का बजट दिया था जो नाकाफी और झुनझुना था। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आते ही 35 हजार करोड़ का बजट दिया। इसी प्रकार दो लाख से ज्यादा बुलेट प्रूफ जैकेट सैनिकों को दिए गए। सुप्रीम कोर्ट के निर्यण पर सवाल उठाना कांग्रेस की मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छह हजार रुपए किसानों को देना स्वागत योग्य है। यह काम ईमानदार सरकार ही कर सकती है। मोदी सरकार आंकड़ों से भी ऊपर है। पांच वर्ष में उसने जो काम किया है वह औरे के ​लिए काफी दूर की कौड़ी है।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ निशंक ने कार्यकर्ताओं को योद्धाओं की संज्ञा दी तथा कहा कि हमारे कार्यकर्ता इस बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से विरोधियों को पस्त कर देंगे। निशंक ने कहा कि एक सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान में काफी तबाही मची अब बजट के माध्यम से संसद में एक और सर्जिकल स्ट्राइक हुई है ऐसा बजट आया है, जिससे विपक्षी सदमे में आ गए।
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने विधानसभ चुनाव में 57 सीटें देने के लिए कार्यकर्ताओं का सम्मान किया तथा उन्हें देव दुर्लभ कार्यकर्ता की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ जनता का आजादी के 70 सालों में इतना ध्यान नहीं रखा गया जितना साढ़े चार वर्ष में मोदी सरकार ने रखा है। हमारी सरकार में जन आवश्यकता की पूर्ति हो हरी है। साढ़े चार वर्ष में वर्ष के अंदर तीन करोड़ घरों को बिजली आठ करोड़ घरों को गैस सिलेंडर दे कर लाभान्वित किया है। इसी प्रकार दुर्गम क्षेत्रों में सड़क मार्ग की सुविधाएं दी है जो औरों के लिए काफी भारी थी। भारतमाला परियोजना के अंर्तगत पांच सड़के उत्तराखंड को मिली है जो अपने आप में काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अबकी बार 400 पार नारे को चरितार्थ करने का आग्रह किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने एक लाख 58 हजार करोड़ रेलवे के बजट पर चर्चा की। कहा कि हर रेलवे क्रां​सिंग पर अब फाटक लगाया जाएगा।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हमें इतिहास रचना है। हम इतिहास पढ़ने नहीं इतिहास रचने जा रहे हैं। हमें जागृत करने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष आए हैं। बजट को बजट को एक सर्जिकल स्ट्राइक संज्ञा देते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि पहली सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले हनुमान जी थे जिन्होंने हमें सर्जिकल स्ट्राइक सिखाई। महराज ने महाभारत सर्किट विस्तार की भी जानकारी दी।
त्रिशक्ति सम्मेलन को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रभारी श्याम जाजू, सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, चुनाव प्रभारी थावर चंद गहलोत एवं सांसद माला राजलक्ष्मी शाह ने संबोधित किया। अपने संबोधन में गहलोत ने कहा कि त्रिशक्ति सम्मेलन में हम सभी लोकसभा की सीटों की जीत की गाथा लिखने आए हैं। आने वाले तीन माह पार्टी को समर्पित रहेंगे और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना कर देश की सेवा करेंगे। गहलोत ने शिव प्रकाश व श्याम जाजू के उद्देश्यों की चर्चा की तथा कहा कि चुनाव जीतने के लिए हमें पूरा मैदान मिला है। पांचों सीटें हमारे पास है और हम इन पांचों सीटों को दोबारा जीत हासिल करें। उन्होंने कहा कि हमारे पास परिवारों का पूरा आशीर्वाद है। जिन मांगो को कांग्रेस ने नहीं पूरा किया था उन्हें हमने पूरा किया है कांग्रेस ने देश को हतोत्साहित किया था। हमने प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि देशद्रोहियों को कांग्रेस ने समर्थन दिया है और हम इस प्रवृत्ति को निर्मल कर रहे हैं। एक बार फिर से मोदी सरकार के नारे को हमें चरितार्थ करना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष से पहले उनका भव्य स्वागत प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने किया अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड की पांचों सीटें भाजपा की झोली में आयेंगी। भट्ट ने कहा कि अध्यक्ष अमित शाह की कार्यशैली हमें मार्गदर्शन देती है।